1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 'SRCC वाले धुरंधर ना हों लेकिन धूम तो मचाई है', श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोह में बोले PM मोदी

'SRCC वाले धुरंधर ना हों लेकिन धूम तो मचाई है', श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोह में बोले PM मोदी

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Sep 05, 2026 07:39 pm IST,  Updated : Sep 05, 2026 11:39 pm IST

PM मोदी ने श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोह में कहा कि SRCC के Alumni ओजी हैं। SRCC वाले धुरंधर ना हों लेकिन धूम तो मचाई है। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि 2013 से अब तक भारत कैसे बदल गया है।

SRCC के शताब्दी समारोह...- India TV Hindi
SRCC के शताब्दी समारोह में PM मोदी का संबोधन। Image Source : PTI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (शनिवार को) दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोह कार्यक्रम में भाग लिया। SRCC के कार्यक्रम में संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि यह पल ऐतिहासिक है। यह देश के शिक्षा जगत के लिए अहम है। यहां SRCC का हिस्सा रहीं अनेक पीढ़ियां जुटी हैं। मैं SRCC के शताब्दी समारोह पर आप सभी को बधाई देता हूं। SRCC के Alumni ओजी हैं। SRCC के लोगों ने हर क्षेत्र में अपनी धूम मचाई है। धुरंधर ना हों लेकिन धूम तो मचाई है।

मेरे 2013 के भाषण की खूब हो रही चर्चा

पीएम मोदी ने कहा कि आजकल लोग 2013 के मेरे संबोधन को याद कर रहे हैं। लोगों ने उसे फिर से सुना है। उस स्पीच से एक लहर सी चल पड़ी थी और आज 13-14 साल बाद भी उस संबोधन का प्रभाव बरकरार है। तब आपकी जगह आपके सीनियर बैठे थे। तब मैं सीएम तो था लेकिन मुख्य विपक्षी पार्टी का सदस्य भी था। सब लोग उम्मीद कर रहे थे कि मैं तब की केंद्र सरकार पर आरोपों की झड़ी लगा दूंगा। लेकिन विपक्ष में होने बाद भी, तत्कालीन सरकार का आलोचक होने के बावजूद मैंने उस मंच का उपयोग इसके लिए नहीं किया था। मैंने तब सकारात्मक बातें की थीं।

मैंने 2013 में जो कहा वो मेरा कंविक्शन

प्रधानमंत्री ने आगे बताया कि मैंने तब जो भी कहा वो मेरा कंविक्शन था। मैं उन सपनों को हमेशा से जीता आया हूं। देश के लिए जी जान से जुटना, देश के लिए जीने का जज्बा, जो मेरे भीतर का भाव है, वो 2013 में इसी मंच से शब्दों की माला में प्रकट होकर दुनिया के सामने आया था।

आज के युवा 2013 की खबरों के बारे में जरूर पढ़ें

पीएम मोदी ने कहा कि आज के युवा एक बार 2013 की खबरों के बारे में जाकर जरूर पढ़ें। तब की खबरें थीं एलओसी पर भारतीय सैनिकों की हत्या, इस पीढ़ी को ये अजूबा लगता होगा, लेकिन ये सच है। वर्ल्ड बैंक ने जीडीपी ग्रोथ का अनुमान घटाया। करंट अकाउंट डेफिसिट ऑल टाइम हाई, इंडस्ट्रियल सेक्टर मंदी की चपेट में, हेलीकॉप्टर खरीद में घूसखोरी का पर्दाफाश, आज के विद्यार्थियों को इसके बारे में पता नहीं होगा। ये सारी बातें बताती हैं कि तब देश की हालत क्या थी।

आज दुनिया कर रही पॉलिसी डायनामिज्म की तारीफ

पीएम मोदी ने कहा कि जो दुनिया भारत की पॉलिसी पैरालिसिस से चिंतित थी, वो आज पॉलिसी डायनामिज्म की बात कर रही है। अभी हफ्ते भर में ही भारत की इकोनॉमी को लेकर कई पॉजिटिब खबरें आई हैं। इसी बीच, जापानी क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने भारत की रेटिंग अपग्रेड कर दी है। 7.8 फीसदी की ग्रोथ भी ऐसे समय में आई है जब वेस्ट एशिया में युद्ध चल रहा है। जब ट्रेड से जुड़ी अड़चनें रही हैं। तब ऐसी ग्रोथ हासिल करना, अपने आप में भारत के सामर्थ्य को दिखाता है। जो लोग भारत को Fragile Five में धकेलने के लिए बदनाम रहे हैं। उन्हें ये आंकड़े हजम नहीं हो रहे हैं।

तब आतंकी बेलगाम थे और पाकिस्तान बेकाबू

प्रधानमंत्री मोदी बोले कि तब ग्रोथ फर्श पर थी और महंगाई अर्श पर थी। तब अर्थव्यवस्था बेहाल थी। तब आतंकी बेलगाम थे और पाकिस्तान बेकाबू थे। तब निराशा और हताशा के अलावा कुछ नहीं था। एक वो दिन था जब हर मोर्चे पर देश में स्ट्रगल ही स्ट्रगल था। और आज का दिन है कि आतंकवाद फैलाने वाले पस्त पड़े हैं। पाकिस्तान कोई नापाक हरकत करता हैं तो सेनाएं घर में घुसकर मारती हैं। जम्मू-कश्मीर से लेकर नॉर्थ ईस्ट तक शांति बढ़ी हैं। माओवादी आतंक नक्सलवाद की कमर तोड़ दी गई है।

प्रधानमंत्री ने फिर किया दिगामी नक्सल का जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि मैंने हाल में लाल किले से एक होम्योपैथी की गोली दी थी। वह थी दिमागी नक्सल। होम्योपैथी में पहले बीमारी को उभार दिया जाता है। उसके बाद उसका इलाज शुरू करता है। ऐसा ही मैंने किया था। जैसे ही मैंने दिमागी नक्सल वाली होम्योपैथी की गोली दी, सारे दिमागी नक्सल बाहर निकलकर आने लगे थे।

पिछले 6 साल में कई संकट आए लेकिन भारत टिका रहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि याद कीजिए जब आप स्कूल में पढ़ते होंगे। 2013 में जब केदारनाथ में आपदा आई थी तो उन्हें समझ ही नहीं आया था कि क्या किया जाएगा। 2008 में मुंबई में भयंकर आतंकी हमला हुआ था, तब की सरकार पर बाहर से दबाव पड़ा तो उन्होंने पाकिस्तान को जवाब देने की हिम्मत तक नहीं दिखाई। पिछले 6 वर्षों ने कई बड़े संकट आए। पहले कोरोना आया, फिर रूस-यूक्रेन में युद्ध छिड़ गया, फिर वेस्ट एशिया का संकट आ गया। हर बार ये कहा गया कि अब तो भारत नहीं बचेगा। जो मेरे ज्यादा ही प्रशंसक हैं, वो तो ये सोचकर खुश थे कि अब मोदी फंसा, अब तो मोदी को कुचल ही देंगे। लेकिन मेरे देश के लोगों के आशीर्वाद में इतना दम है कि उनकी हर हसरत धरी की धरी रह जा रही हैं।

आत्मनिर्भर भारत में युवाओं की बड़ी जिम्मेदारी

SRCC के कार्यक्रम में पीएम मोदी के भाषण से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने संबोधित किया। प्रह्लाद जोशी ने कहा कि भारत में दुनिया की सबसे यंग जनसंख्या है। तभी प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि यही समय है, सही समय है। आज भारत में इस्तेमाल होने वाले 99 फीसदी मोबाइल भारत में बनाए जाते हैं। साथ ही, इन्हें एक्सपोर्ट भी किया जाता है। भारत बड़ी युवा शक्ति है। आत्मनिर्भर भारत में युवाओं की बड़ी जिम्मेदारी है। इससे पहले Teachers' Day के मौके पर PM मोदी ने शिक्षकों से संवाद किया और कहा कि बचपन मरने नहीं देना है

ये भी पढ़ें- कार-बाइक इंडस्ट्री को मिलेगी नई रफ्तार, पीएम मोदी ने बताया कैसे भारत बनेगा ग्लोबल ऑटो हब

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।