1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में ठंड के साथ प्रदूषण की मार, शीत लहर से ठिठुर रहे बेसहारा लोगों के लिए सहारा बने रैन बसेरा

दिल्ली में ठंड के साथ प्रदूषण की मार, शीत लहर से ठिठुर रहे बेसहारा लोगों के लिए सहारा बने रैन बसेरा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 03, 2022 07:45 am IST,  Updated : Jan 03, 2022 07:45 am IST

दिल्ली में कड़ाके की ठंड के बीच बेसहारा लोगों के लिए रैन बसेरा सहारा बने हैं। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में बेसहारा लोगों को इनमें कई सुविधाएं भी दी जा रही हैं।

लोगों के लिए सहारा बने रैन बसेरा- India TV Hindi
लोगों के लिए सहारा बने रैन बसेरा Image Source : ANI/TWITTER

Highlights

  • दिल्ली में कड़ाके की ठंड में रैन बसेरा लोगों को दे रहे हैं सहारा
  • दिल्ली में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है
  • दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया

देश की राजधानी दिल्ली में ठंड कोहराम मचा रही है। मौसम विभाग ने पहले ही तापमान में तेजी से गिरावट के संकेत दे दिए थे। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली में चल रही शीत लहर से आम जनजीवन भी प्रभावित हो गया है। सड़कों पर रह रहे बेसहारा लोगों के लिए अब रैन बसेरा ही सहारा बचा है। इसे ध्यान में रखते हुए कई गैर सरकार संगठनों ने सड़कों पर जीवन गुजार रहे लोगों के लिए रैन बसेरा बनाया है।

एक ऐसा ही रैन बसेरा दिल्ली के तिलक नगर में बनाया गया है। इसमें ऐसे सभी लोगों के रहने का पूरा इंतजाम किया गया है जो सड़कों पर अपना जीवन बिता रहे थे और ठंड की मार से बचने के लिए जगह ढूंढ रहे थे। रैन बसेरा के केयर टेकर अनिल कुमार मेहरा ने न्यूज़ एजेंसी ANI को बताया, 'यहां पर बेसहारा लोगों को अलग-अलग प्रकार की कई सुविधाएं दी जा रही हैं। इसमें हम उन्हें कंबल, गर्म पानी, दो वक्त का खाना, दवाई और चाय की सुविधा भी दे रहे हैं। इसके लिए किसी से कोई पैसा नहीं लिया जा रहा है। ये सभी सुविधाएं पूरी तरह मुफ्त हैं।'

 राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी’ में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे तक वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 381 दर्ज किया गया जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के पास के इलाकों फरीदाबाद में AQI 332, गाजियाबाद में 368, ग्रेटर नोएडा में 314 और नोएडा में 367 दर्ज किया गया था। ये सभी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आते हैं। 

शून्य और 50 के बीच एक एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच एक्यूआई ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ तथा 401 और 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। मौसम विभाग ने मुख्यत: आसमान साफ रहने, सुबह मध्यम कोहरा छाए रहने और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। सुबह साढ़े आठ बजे तक सापेक्षिक आर्द्रता 94 प्रतिशत थी। आईएमडी ने उत्तर पश्चिम भारत में तीन जनवरी तक ठंडी से अत्यंत ठंडी हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।