दिल्ली सरकार ने बजट 2026-27 में आम लोगों को बड़ी राहत दी है। त्योहार के दिन दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार मुफ्त में एलपीजी सिलेंडर देगी। दिल्ली सरकार ने मंगलवार पेश हुए बजट में बड़ा ऐलान करते हुए होली और दिवाली पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने के लिए 260 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। यह घोषणा मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को विधानसभा में बजट पेश करते हुए की।
एक सिलेंडर होली और एक दिवाली पर मिलेगा
सरकार के मुताबिक, इस योजना के तहत दिल्ली में हर साल प्रत्येक परिवार को दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे। एक सिलेंडर होली पर और दूसरा दिवाली पर मिलेगा। इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान आम लोगों, खासकर मध्यम और निम्न आय वर्ग पर पड़ने वाले खर्च का बोझ कम करना है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यावरण पर विशेष जोर
दिल्ली का कुल बजट इस बार करीब 1,03,700 करोड़ रुपये का पेश किया गया है, जिसमें सामाजिक कल्याण योजनाओं के साथ-साथ इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यावरण पर भी विशेष जोर दिया गया है।
दिल्ली सरकार ने कहा ये है ग्रीन बजट
सरकार ने इस बजट को ग्रीन बजट बताते हुए कहा कि इसमें विकास और राहत योजनाओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है, ताकि आम लोगों को सीधा फायदा मिल सके।
दिल्ली में लगाए जाएंगे 35 लाख स्वदेशी पौधे
इसके साथ ही सीएम गुप्ता ने कहा कि अगले चार साल में दिल्ली में पीपल, आम और नीम जैसे 35 लाख स्वदेशी पौधे लगाए जाएंगे और नए वन क्षेत्रों का भी विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वन विकास के लिए 130 करोड़ रुपये और वन्यजीव संरक्षण के लिए 44 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।