1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. सुधांशु त्रिवेदी का आप नेताओं पर बड़ा हमला, कहा- 'कट्टर ईमानदार होने की बात कहने वालों की असलियत अब सामने आ रही'

सुधांशु त्रिवेदी का आप नेताओं पर बड़ा हमला, कहा- 'कट्टर ईमानदार होने की बात कहने वालों की असलियत अब सामने आ रही'

 Published : Oct 06, 2023 12:43 pm IST,  Updated : Oct 06, 2023 12:48 pm IST

संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आप ऊपर से लेकर नीचे तक भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।

BJP- India TV Hindi
सुधांशु त्रिवेदी Image Source : FILE

नई दिल्ली: दिल्ली के शराब घोटाले को लेकर ईडी द्वारा संजय सिंह की गिरफ्तारी को सही ठहराते हुए बीजेपी ने आप पर बड़ा हमला बोला है। बीजेपी नेता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी को अदालत ने सही माना है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अदालत ने प्रथम दृष्टया यह माना है कि यह कहीं से भी यह नहीं दर्शाता है कि उनकी गिरफ्तारी अनापेक्षित या अनावश्यक है यानि कि गिरफ्तारी पूर्ण रूप से उचित है।

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि पहले उनकी सरकार के एक मंत्री सत्येंद्र जैन भ्रष्टाचार के आरोप में जेल गए, जिन्हें जमानत नहीं मिली। फिर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जेल गए और अब आम आदमी पार्टी के संसदीय दल के नेता संजय सिंह भ्रष्टाचार के आरोप में रिमांड पर हैं। संजय सिंह कोई सामान्य व्यक्ति नहीं हैं, वह आप के संसदीय दल के नेता हैं। इससे यह साफ हो गया है कि आम आदमी पार्टी में भ्रष्टाचार एक आम बात होती जा चली जा रही है और उनके बारे में नित नए खुलासे होना भी अब आम बात हो गई है।

आम आदमी पार्टी की असलियत आ रही सामने- बीजेपी 

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि अपने आप को कट्टर ईमानदार होने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी का किरदार अब तार-तार होकर जनता के सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि बहुत साफ है पैसे का लेन-देन और चुनावों में उसका प्रयोग और इससे भी बड़ी बात यह है कि साक्ष्य यह आए हैं कि शराब पॉलिसी में बदलाव इस आधार पर किया गया है और यह बदलाव नीतिगत है। इसका मतलब यह है कि पूरी पार्टी इसमें शामिल है। यह शराब का घोटाला तो इनके लिए ऐसा बनता जा रहा है कि इन्होंने ये पॉलिसी वापस की, और वापस लेने के बाद भी उसे डिफेंड कर रहे हैं और उसके बाद से ही ये दलदल में धंसते जा रहे हैं।

जांच में आजतक कुछ नहीं मिला- अरविंद केजरीवाल 

वहीं भारतीय जनता पार्टी के हमले के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारे नेताओं को एक झूठे केस में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग एक साल से जांच चल रही हैं लेकिन इन्हें आजतक कुछ भी गड़बड़ नहीं मिला है। ये लोग कभी कुछ कहते हैं तो कभी कुछ और कहने लगते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का डर दिखाकर हमें चुप कराना चाहती है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।