1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. सोनिया गांधी की सेहत में सुधार, सर गंगा राम अस्पताल से मिली छुट्टी; डॉक्टरों ने जारी किया हेल्थ अपडेट

सोनिया गांधी की सेहत में सुधार, सर गंगा राम अस्पताल से मिली छुट्टी; डॉक्टरों ने जारी किया हेल्थ अपडेट

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Mar 31, 2026 12:46 pm IST,  Updated : Mar 31, 2026 01:10 pm IST

सोनिया गांधी को सर गंगा राम अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वह अब पूरी तरह रिकवर कर चुकी हैं और घर पर ही डॉक्टरों की देखरेख में रहेंगी।

सोनिया गांधी- India TV Hindi
सोनिया गांधी Image Source : PTI

नई दिल्ली: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की सेहत को लेकर राहत भरी खबर आई है। दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल से उन्हें आज सुबह छुट्टी दे दी गई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, वह अब पूरी तरह रिकवर कर चुकी हैं और घर पर ही डॉक्टरों की देखरेख में रहेंगी।

अस्पताल द्वारा जारी किए गए हेल्थ बुलेटिन के अनुसार,  सोनिया गांधी को 24 मार्च 2026 की रात (10:22 बजे) तेज बुखार की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था। सर गंगा राम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि जांच में सिस्टेमिक इन्फेक्शन की पुष्टि हुई थी। उनका इलाज डॉ. डी. एस. राणा, डॉ. एस. नंदी और डॉ. अरूप बसु की देखरेख में किया गया। उन्हें एंटीबायोटिक्स दी गईं, जिसका उन पर अच्छा असर हुआ। अब वे ठीक हो गई हैं और आगे के इलाज और घर पर निगरानी के लिए आज सुबह उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

कब बनी थीं कांग्रेस अध्यक्ष?

बता दें कि सोनिया गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष रही हैं। वह भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पत्नी हैं। सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर 1946 को लुसियाना, वेनेटो क्षेत्र, इटली में हुआ था। उनका बचपन ओरबसानो में बीता और उन्होंने कैम्ब्रिज, इंग्लैंड में अंग्रेजी का अध्ययन किया, जहां उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई। 1968 में उन्होंने राजीव गांधी से शादी की और भारत आ गईं। शादी के बाद उन्होंने भारतीय नागरिकता ली। 1991 में अपने पति राजीव गांधी की हत्या के बाद उन्हें कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व करने के लिए आमंत्रित किया गया, लेकिन उन्होंने पहले मना कर दिया।

बाद में, 1997 में उन्होंने सक्रिय राजनीति में एंट्री ली और 1998 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष बनीं। वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रही हैं। 1998-2017 और फिर 2019-2022 तक अंतरिम अध्यक्ष रहीं। उनके नेतृत्व में, कांग्रेस पार्टी ने 2004 और 2009 के आम चुनावों में जीत हासिल की और UPA सरकार का गठन किया। 2004 में कांग्रेस की जीत के बाद सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने से मना कर दिया और इसके बाद स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह को इस पद के लिए चुना गया।

ये भी पढ़ें-

VIDEO: गोवा के Baga Beach पर बड़ा हादसा, हवा में टूटी पैरासेलिंग की केबल, समुद्र में गिरा पर्यटक

दिल्ली: MCD के डिप्टी कमिश्नर 4 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, CBI ने रंगे हाथों पकड़ा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।