दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार शाम को धूल भरी आंधी आई। कई इलाकों में जोरदार बारिश भी हुई। तेज आंधी के चलते दिल्ली में निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। कई जगहों पर पेड़ भी गिर गए। शुक्रवार शाम को आए तूफान के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर कई उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। कई उड़ानों में देरी भी हुई। वहीं, अब एक बार फिर दिल्ली में आंधी-तूफान और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली और आस-पास के इलाकों में शनिवार (12 अप्रैल) को आंधी-तूफान के आने की संभावना जताई है। साथ ही आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार को दिल्ली में गरज के साथ बारिश का अनुमान है। इस दौरान 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
बुधवार से दिल्ली में झुलसाएगी गर्मी
मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में रविवार से आसमान साफ हो जाएगा। बुधवार (16 अप्रैल) तक गर्म हवाएं फिर से चलने लगेंगी। दिल्ली में गर्मी बढ़ने से लोगों का बुरा हाल हो जाएगा।
देश के इन हिस्सों में भी होगी जमकर बारिश
मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार को पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के उप हिमालयी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। भारत के कई अन्य हिस्सों में भी गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
एमपी, राजस्थान और उत्तराखंड में भी बारिश के आसार
आईएमडी के अनुसार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती क्षेत्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय, तटीय आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कुछ भागों में बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन राज्यों में बिजली गिरने की संभावना
मौसम विभाग ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में बिजली गिरने की संभावना है। राजस्थान के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।