1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. आतिशी को 'भाई' कहने पर प्रवेश वर्मा पर चढ़ गई AAP, मार्शल ने विधायकों को बाहर निकाला

आतिशी को 'भाई' कहने पर प्रवेश वर्मा पर चढ़ गई AAP, मार्शल ने विधायकों को बाहर निकाला

 Published : Mar 27, 2025 09:27 pm IST,  Updated : Mar 27, 2025 09:27 pm IST

दिल्ली विधानसभा में आज आम आदमी पार्टी ने जमकर बवाल काटा, जब कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को भाई बोल दिया। हंगामे के बीच अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आप के तीन विधायकों को सदन से बाहर कर दिया।

parvesh verma atishi- India TV Hindi
प्रवेश वर्मा और आतिशी। Image Source : PTI

दिल्ली विधानसभा में गुरुवार को ‘भाई’ शब्द के कारण सत्तारूढ़ भाजपा और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच 13 मिनट तक तीखी नोकझोंक हुई जिससे सदन में व्यवधान उत्पन्न हो गया। आप इस बात पर अड़ी रही कि इस शब्द का इस्तेमाल संभवतः नेता प्रतिपक्ष आतिशी के प्रति अनादर की भावना से किया गया था, पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने विपक्षी नेताओं से पूछा, ‘‘मैंने क्या कहा? ‘भाई’ कहना गलत कैसे है?’’ विधानसभा में हंगामे के बीच अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आप के तीन विधायकों को सदन से बाहर कर दिया। उन्होंने आप के कुलदीप कुमार और विशेष रवि को मार्शल के जरिए से सदन से बाहर निकलवाया।

क्या है पूरा मामला?

हंगामा उस समय शुरू हुआ जब वर्मा प्रश्नकाल के दौरान तीर्थ यात्रा समिति से संबंधित एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। आप पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने तीर्थ यात्रा समिति के लिए 2024-25 के लिए 80 करोड़ रुपये मंजूर किए, लेकिन कुछ भी खर्च नहीं किया। विपक्षी आप विधायकों ने इस टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी भी वर्मा के आरोप का जवाब देने के लिए खड़ी हुईं। जैसे ही मंत्री ने अपना जवाब फिर से शुरू करने की कोशिश की, आतिशी और आप के अन्य विधायकों ने अपना जोरदार विरोध जारी रखा।

अपना भाषण फिर से शुरू करने में कई बार असफल रहने पर प्रवेश वर्मा ने कहा, ‘कहां से लाए हो भाई?’’ आतिशी ने फिर से विरोध जताया और कहा कि वर्मा द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा ‘असंसदीय’ है। आप के अन्य विधायकों ने भी उनका साथ दिया और मंत्री पर अनादर करने का आरोप लगाया। पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा, ‘‘मैंने सिर्फ ‘भाई’ कहा। इसमें असंसदीय क्या है?’’

'आतिशी जी मेरी बहन हैं, भाई नहीं'

विधानसभा अध्यक्ष ने आप सदस्यों से पूछा कि अगर वर्मा ने सिर्फ ‘भाई’ कहा है तो इसमें आपत्तिजनक शब्द क्या है, ये आपत्तिजनक शब्द नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस मुद्दे को नहीं समझ पा रहा हूं।’’ जब विपक्षी विधायकों ने टिप्पणी का विरोध जारी रखा तो गुप्ता ने आप नेताओं विशेष रवि और कुलदीप कुमार को बाहर निकालने का आदेश दिया। वर्मा ने अपनी टिप्पणी का मतलब समझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उनका मतलब यह पूछना था कि ‘आप इतने बुरे व्यवहार कहां से लाते हैं?’ वर्मा ने यह भी कहा कि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। आप विधायकों के साथ कुछ और बहस के बाद वर्मा ने कहा, ‘‘आतिशी जी मेरी बहन हैं, भाई नहीं।’’ इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही सामान्य हो गई। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

आतिशी ने कालकाजी सीट से भ्रष्ट तरीके से जीता चुनाव? दिल्ली हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस

सड़क के बीचों-बीच क्यों रोकना पड़ा दिल्ली की CM का काफिला? जानिए ऐसा क्या हुआ; देखें VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।