1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. VIDEO: CM रेखा गुप्ता ने मेट्रो से सफर किया, PM मोदी की ईंधन बचत की अपील का दिख रहा असर

VIDEO: CM रेखा गुप्ता ने मेट्रो से सफर किया, PM मोदी की ईंधन बचत की अपील का दिख रहा असर

 Reported By: Ila Kazmi,,  Anamika Gaur, Written By: Rituraj Tripathi
 Published : May 18, 2026 12:23 pm IST,  Updated : May 18, 2026 02:56 pm IST

पीएम मोदी की देश से ईंधन बचत की अपील के बाद दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली मेट्रो से सफर किया है।

Rekha Gupta- India TV Hindi
रेखा गुप्ता ने मेट्रो में सफर किया Image Source : REPORTER INPUT

नई दिल्ली: पीएम मोदी ने देश से ईंधन बचत की अपील की थी, जिसका असर राजनेताओं के बीच भी दिखाई दे रहा है। कई सीएम और मंत्रियों ने अपना काफिला छोटा किया है, वहीं आज दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने मेट्रो से सफर किया है। इसका वीडियो भी सामने आया है।

पीएम मोदी की अपील के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने मेट्रो मंडे शुरू किया। सीएम रेखा गुप्ता आज सुबह अपने आधिकारिक निवास, मुख्यमंत्री जन सेवा सदन, सिविल लाइंस से पैदल चलकर उपराज्यपाल के लोक निवास में बैठक के लिए पहुंचीं।

⁠बैठक के बाद, सीएम रेखा गुप्ता कश्मीरी गेट स्टेशन से मेट्रो में सवार होकर आईटीओ मेट्रो स्टेशन पहुंचीं। ⁠आईटीओ से, उन्होंने दिल्ली सचिवालय स्थित अपने कार्यालय तक पहुंचने के लिए फीडर बस ली।

⁠इस यात्रा के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा और रविन्द्र इंद्राज भी उनके साथ थे। ⁠यह पहल ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ के तहत सार्वजनिक परिवहन, ईंधन संरक्षण और नागरिक भागीदारी को बढ़ावा देती है। ⁠मुख्यमंत्री के आह्वान पर, आज दिल्ली सरकार के कई मंत्रियों, अधिकारियों ने मेट्रो एवं सार्वजनिक परिवहन का उपयोग किया और अपने अपने कार्यालय पहुंचे।

प्रवेश वर्मा का सामने आया बयान

दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, "आज हम ही नहीं बल्कि दिल्ली सरकार के सभी अधिकारी और सचिवालय के कर्मचारी भी मेट्रो से आ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने जो अपील की है, उसे फॉलो करने की कोशिश पहले दिल्ली सरकार के लोग कर रहे हैं।

आशीष सूद का भी सामने आया बयान

दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने बताया, "मैं आज अपने घर से एक स्कूल के कार्यक्रम में मेट्रो से गया। उसके बाद सचिवालय के लिए भी मेट्रो से आया और अपने घर भी वापस मेट्रो का इस्तेमाल करके ही जाऊंगा। देश में कोई ईंधन का संकट नहीं है लेकिन देश को मजबूत बनाने के लिए हमें अपना कॉन्ट्रिब्यूशन देना होगा। विपक्ष हमारी तारीफ तो करेगा नहीं और उससे हमें फर्क भी नहीं पड़ता वह बेरोजगार है कुछ भी कह सकते हैं।"

आज मेट्रो से सफर करने वाली जनता ने इंडिया टीवी से क्या कहा?

इंडिया टीवी ने आज मेट्रो से सफर करने वाली जनता से भी बात की। मेट्रो से सफर कर रहे लोगों ने बताया कि वे पीएम की अपील के बाद पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल ज्यादा कर रहे हैं। बहुत खुशी हो रही है कि CM आज मेट्रो से आईं और अगर CM पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल कर सकती हैं तो हम क्यों नहीं। दिल्ली में तो वैसे भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट सबसे अच्छा है। मेट्रो की कनेक्टिविटी काफी बेहतर है। हमें पीएम की बात माननी चाहिए, इसमें हमारा ही फायदा है। गर्मी से भी बचेंगे, ट्रैफिक से भी बचेंगे और पैसे भी कम खर्च होंगे।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।