1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में अगले हफ्ते भीषण गर्मी की होगी वापसी, 44 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ेगा पारा

दिल्ली में अगले हफ्ते भीषण गर्मी की होगी वापसी, 44 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ेगा पारा

 Published : Apr 22, 2022 10:52 pm IST,  Updated : Apr 22, 2022 10:57 pm IST

आईएमडी ने बताया कि सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक तापमान होने पर गंभीर भीषण गर्मी की घोषणा की जाती है।

Weather Forecast Update, Weather Forecast, Weather latest update news- India TV Hindi
Representational Image. Image Source : PTI

Highlights

  • IMD ने अगले हफ्ते दिल्ली का पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का पूर्वानुमान लगाया है।
  • शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर पारा 40 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया।
  • दिल्ली में इस साल अप्रैल में अब तक 8 दिन ऐसे रहे जब भीषण गर्मी का प्रकोप रहा।

नयी दिल्ली: देश की राजधानी आने वाले दिनों में एक बार फिर भीषण गर्मी का सामना कर सकती है। भारत के मौसम विभाग (IMD) ने अगले हफ्ते दिल्ली का पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का पूर्वानुमान लगाया है। ऐसे में दिल्ली के लोगों को प्रचंड गर्मी झेलने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। शुक्रवार की बात करें तो शहर में आंशिक बादल छाए रहे जिससे अधिकतर स्थानों पर पारा 40 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया।

‘दिल्ली में 44 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा’

सफदरजंग वेधशाला, जहां के आंकड़ों को पूरी दिल्ली का मानक माना जाता है, वहां पर अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि आने वाले पांच दिनों में उत्तर पश्चिम भारत के अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होगी। विभाग ने बताया कि दिल्ली में अगामी गुरुवार को पारा 44 डिग्री तक छू सकता है।

8 दिनों तक पारा 40 डिग्री के आसपास रहा
बता दें कि दिल्ली में इस साल अप्रैल में अब तक 8 दिन ऐसे रहे जब भीषण गर्मी का प्रकोप रहा। ऐसे दिनों की यह संख्या वर्ष 2010 में अप्रैल महीने में भीषण गर्मी वाले 11 दिनों के बाद सबसे अधिक है। मौसम विभाग ने बताया कि मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी की स्थिति तब घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री हो और यह सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री अधिक हो।

1941 में दर्ज हुआ था 45.6 डिग्री तापमान
आईएमडी ने बताया कि सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक तापमान होने पर गंभीर भीषण गर्मी की घोषणा की जाती है। राष्ट्रीय राजधानी में 21 अप्रैल 2017 को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि अप्रैल में महीने में दिल्ली में सबसे अधिक तापमान का रिकॉर्ड 29 अप्रैल 1941 का है, तब अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री दर्ज किया गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।