Wednesday, March 11, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली को फिर मिलेगी महिला मुख्यमंत्री? जानिए भाजपा के संभावित उम्मीदवार कौन कौन हैं

दिल्ली को फिर मिलेगी महिला मुख्यमंत्री? जानिए भाजपा के संभावित उम्मीदवार कौन कौन हैं

Edited By: Kajal Kumari @lallkajal Published : Feb 11, 2025 08:18 am IST, Updated : Feb 12, 2025 06:47 am IST

दिल्ली में भाजपा को बड़ी जीत मिली है, अब सबसे बड़ी बात ये है कि पार्टी मुख्यमंत्री किसे बनाएगी। ये खबर भी सुनने को मिल रही है कि फिर से दिल्ली को महिला सीएम मिल सकती है। देखें पूरी लिस्ट....

दिल्ली को फिर मिल सकती है महिला सीएम- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO दिल्ली को फिर मिल सकती है महिला सीएम

दिल्ली के नए मुख्यमंत्री की घोषणा आज या कल में हो सकती है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारी जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी में इस बात को लेकर चर्चा जोरों पर है कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। इस बार, पार्टी अपने नवनिर्वाचित विधायकों में से किसी महिला उम्मीदवार को सीएम बना सकती है। रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि एक उपमुख्यमंत्री की भी नियुक्ति की संभावना है। ऐसे में अगर कोई महिला दिल्ली की मुख्यमंत्री बनेगी तो आतिशी के बाद फिर से दिल्ली को महिला सीएम मिल जाएगी। सूत्रों के मुताबिक नए मंत्रिमंडल में महिलाओं और दलित नेताओं की भागीदारी होने की उम्मीद है। 

भाजपा का मंथन जारी, कौन होगा सीएम

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने संकेत दिया कि पार्टी अपने सभी विकल्पों पर सावधानी से विचार कर रही है। राजनीतिक रूप से सबसे अच्छा काम करने वाले के आधार पर, पूर्वांचल पृष्ठभूमि, एक सिख नेता या एक महिला के उम्मीदवार पर विचार किया जा रहा है। मध्य प्रदेश, राजस्थान और ओडिशा के पिछले चुनावों से पता चलता है कि पार्टी नेतृत्व कोई बड़ी घोषणा करने से पहले अपने फैसले को फिलहाल गुप्त रखना चाहती है। ऐसे में लोगों के बीच ये उत्सुकता है कि आखिर सीएम कौन होगा।

भाजपा के संभावित महिला चेहरे


रेखा गुप्ता- रेखा गुप्ताा, जो शालीमार बाग सीट से विधायक चुनी गई हैं उन्हें इस लिस्ट में सबसे आगे देखा जा रहा है। वह भाजपा की महिला शाखा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं।

शिखा रॉय - शिखा रॉय ने ग्रेटर कैलाश सीट से जीत दर्ज की है और सीएम रेस में एक और मजबूत दावेदार हैं, जिन्होंने आप के सौरभ भारद्वाज को हराया है।

पूनम शर्मा- वजीरपुर सीट से विधायक चुनी गई हैं।

नजफगढ़ विधायक नीलम पहलवान भी इस लिस्ट में हैं जिन्होंने 1,01,708 वोटों के साथ बड़ी जीत हासिल की।

ऐसे में दिल्ली के लिए सीएम यदि एक महिला को चुना जाता है, तो वह दिल्ली की महिला मुख्यमंत्रियों की सूची में वह नाम शामिल हो जाएगा। इससे पहले दिल्ली में सुषमा स्वराज (भाजपा), शीला दीक्षित (कांग्रेस), और आतिशी (आप) महिला सीएम रह चुकी हैं। 

अन्य संभावित मुख्यमंत्री

इन महिला उम्मीदवारों के साथ ही सीएम के लिए अन्य नामों पर भी विचार किया जा रहा है। पार्टी के कुछ अंदरूनी सूत्रों का मानना ​​है कि विजेंद्र गुप्ता (रोहिणी विधायक), अजय महावर (घोंडा विधायक) और अभय वर्मा (लक्ष्मी नगर विधायक) में से भी कोई सीएम का चेहरा सकता है। कभी आप सरकार में मंत्री रहे कपिल मिश्रा और भाजपा में शामिल हुए प्रवेश वर्मा की भी चर्चा जोर शोर से चल रही है, जिन्होंने नई दिल्ली में अरविंद केजरीवाल को हराकर सुर्खियां बटोरी थीं। वहीं, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने साफ कर दिया हैकि सीएम कौन होगा इसका अंतिम फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। 

खबरों के मुताबिक, दिल्ली में सीएम के शपथ ग्रहण का समारोह संभवत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे से लौटने के बाद होगा। भाजपा दिल्ली में अपनी वापसी के लिए एक भव्य कार्यक्रम की योजना बना रही है, जिसमें सभी एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement