1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में ‘खतरे के निशान’ से ऊपर पहुंचा यमुना का जलस्तर, अलर्ट जारी

दिल्ली में ‘खतरे के निशान’ से ऊपर पहुंचा यमुना का जलस्तर, अलर्ट जारी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 30, 2021 12:07 pm IST,  Updated : Jul 30, 2021 12:15 pm IST

उत्तर पश्चिम भारत में बारिश होने के कारण यमुना में जलस्तर बढ़कर खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया है।

दिल्ली में यमुना का जलस्तर ‘खतरे के निशान’ से  ऊपर, अलर्ट जारी - India TV Hindi
दिल्ली में यमुना का जलस्तर ‘खतरे के निशान’ से  ऊपर, अलर्ट जारी  Image Source : INDIA TV

नयी दिल्ली : दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है जिसके बाद प्रशासन की ओर से अलर्ट जारी कर दिया गया। उत्तर पश्चिम भारत में बारिश होने के कारण यमुना में जल स्तर बढ़कर खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया है। सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग ने अलग-अलग इलाको में 13 नौकाओं को तैनात किया है तथा 21 अन्य को तैयार रखा है। 

हरियाणा द्वारा हथनीकुंड बैराज से यमुना में और पानी छोड़े जाने पर दिल्ली पुलिस और पूर्वी दिल्ली जिला प्रशासन ने राजधानी में यमुना के मैदानी इलाकों में रह रहे लोगों से स्थान खाली कराना शुरू कर दिया है। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘इन लोगों को यमुना पुश्ता इलाके में शहर की सरकार के आश्रय गृहों में ले जाया जा रहा है।’’ सुबह साढ़े आठ बजे ओल्ड रेलवे ब्रिज पर जल स्तर 205.22 दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को रात साढ़े आठ बजे यह 203.74 मीटर दर्ज किया गया। 

अधिकारी ने कहा, ‘‘सुबह छह बजे जल स्तर 205.10 मीटर और सात बजे 205.17 मीटर था।’’ जल स्तर और बढ़ सकता है।चौबीसों घंटे स्थिति की निगरानी की जा रही है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में बारिश के कारण नदी उफान पर है। उत्तर पश्चिम भारत में और बारिश की संभावना के कारण नदी और उफान पर हो सकती है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को तीसरे दिन दिल्ली-एनसीआर में मध्यम बारिश के लिए ‘‘ओरेंज अलर्ट’’ जारी किया है। 

दिल्ली बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार, हथनीकुंड बैराज पर पानी छोड़ने की दर मंगलवार दोपहर को 1.60 लाख क्यूसेक पहुंच गयी जो इस साल अभी तक सबसे अधिक है। बैराज से छोड़े गए पानी को राजधानी पहुंचने तक आम तौर पर दो से तीन दिन लगते हैं। हरियाणा ने सुबह आठ बजे तक यमुनानगर में स्थित बैराज से 19,056 क्यूसेक की दर से पानी छोड़ा। बृहस्पतिवार को रात आठ बजे तक 25,839 क्यूसेक की दर से पानी छोड़ा गया था। सामान्यत: हथनीकुंड बैराज से पानी के बहाव की दर 352 क्यूसेक होती है लेकिन डूब वाले इलाकों में भारी बारिश के बाद ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है। एक क्यूसेक 28.32 लीटर प्रति सेकंड के बराबर होता है।

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।