1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में चलती हुई बारात में LIVE मर्डर, शादी की रस्मों से पहले उठी अर्थी, CCTV कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर

दिल्ली में चलती हुई बारात में LIVE मर्डर, शादी की रस्मों से पहले उठी अर्थी, CCTV कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर

 Reported By: Kumar Sonu, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Mar 13, 2026 06:23 pm IST,  Updated : Mar 13, 2026 06:44 pm IST

दिल्ली में एक युवक का मर्डर हो गया। शादी समारोह में विवाद ने इतना बढ़ा कि आरोपियों ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दिल्ली में युवक का मर्डर- India TV Hindi
दिल्ली में युवक का मर्डर Image Source : REPORTER

नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली के वजीरपुर इलाके की जेजे कॉलोनी में बीती रात एक शख्स की बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। दरअसल मोहन के भाई की बेटी की शादी थी और बारात उनके दरवाजे तक पहुंच गई थी। मोहन अपनी भतीजी की बारात को लेने के लिए मेन रोड पर गए और बारात के लिए जब वह रास्ता खाली करते हुए आ रहे थे तो इस दौरान उनकी कुछ लोगों से बहस हुई।

सीसीटीवी में खौफनाक वारदात कैद

विवाद इतना बढ़ा कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उनकी पीट पीटकर हत्या कर दी। बीती रात हुई यह घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी कैमरा की फुटेज के आधार पर  दिल्ली पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक मोहन इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे। उनके घर में उनकी पत्नी और तीन मासूम बेटियां हैं और घर में कमाने वाला कोई नहीं है। 

यहां देखें वीडियो

पुलिस ने दी ये जानकारी

पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को हुई इस घटना के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को भरत नगर पुलिस थाना में पथवारी पार्क के पास हुई कहासुनी के संबंध में पीसीआर से सूचना मिली जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर पता चला कि घायलों को इलाज के लिए दीप चंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में मोहन लाल (42) और वीरेंद्र (47) घायल अवस्था में मिले। उन्होंने बताया कि मोहन लाल की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। 

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कहासुनी के दौरान साहिल उर्फ ​​नटवाला ने अपने साथियों राघव, अभिषेक और अर्जुन के साथ मिलकर पीड़ितों पर कथित तौर पर हमला किया। अधिकारी ने कहा, "सूचना के आधार पर, पुलिस टीमों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया और चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।