केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सोमवार को 2025 बोर्ड परीक्षा के पेपर लीक होने के दावों को खारिज कर दिया। सीबीएसई ने कहा, "बोर्ड ने परीक्षाओं के सुचारू और निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की है। बोर्ड के संज्ञान में आया है कि कुछ बेईमान तत्व यूट्यूब, फेसबुक, 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पेपर लीक होने या 2025 परीक्षा के प्रश्नपत्रों तक पहुंच का दावा करने के बारे में अफ़वाहें फैला रहे हैं। ये दावे निराधार हैं और इनका उद्देश्य छात्रों और अभिभावकों के बीच अनावश्यक दहशत पैदा करना है।"
नोटिस में बोर्ड ने छात्रों को उन लोगों से सावधान रहने को कहा है, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पेपर लीक के बारे में अफवाह फैला रहे हैं या 2025 परीक्षा के प्रश्नपत्रों तक पहुंच का दावा कर रहे हैं। छात्रों को गलत सूचना फैलाने से बचने के लिए कहा गया है। नोटिस में सीबीएसई ने यह भी कहा कि वह गलत सूचना फैलाने वालों पर सक्रियता से निगरानी रख रहा है।
आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करें
बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से कहा है कि वे सटीक और सही जानकारी के लिए केवल सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट या सत्यापित सार्वजनिक चैनलों पर ही भरोसा करें। बोर्ड ने अभिभावकों से कहा है कि वे अपने बच्चों को असत्यापित खबरों पर विश्वास करने या उनसे जुड़ने से रोकें।
बता दें कि सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हो चुकी हैं, जो 4 अप्रैल को समाप्त होंगी। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार, इस साल कक्षा 10वीं के कुल 24.12 लाख छात्र परीक्षा दे रहे हैं, जबकि 17.88 लाख से अधिक छात्र कक्षा 12वीं की परीक्षा दे रहे हैं।