1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. पूर्णिया में DM की एक अनूठी पहल, सुपर 30 की तर्ज पर बनेगा सुपर 50; स्टूडेंट्स फ्री में कर सकेंगे JEE और नीट की तैयारी

पूर्णिया में DM की एक अनूठी पहल, सुपर 30 की तर्ज पर बनेगा सुपर 50; स्टूडेंट्स फ्री में कर सकेंगे JEE और नीट की तैयारी

 Published : May 31, 2025 01:55 pm IST,  Updated : May 31, 2025 01:55 pm IST

पूर्णिया बिहार का पहला जिला है जहां शिक्षा के क्षेत्र में अनूठी पहल की गई है। अब पैसे के अभाव में यहां के गरीब और सरकारी स्कूल के मेधावी बच्चे की प्रतिभा कुंठित नहीं होगी। सुपर 30 की तर्ज पर बच्चों का सुपर 50 के लिए चयन किया गया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : FILE

पूर्णिया के डीएम कुंदन कुमार ने गरीब और मेधावी बच्चों के लिए अनोखी पहल शुरू की है। डीएम कुंदन कुमार ने कहा कि जिला स्कूल कैंपस में सुपर 30 के तर्ज पर अब सरकारी स्तर पर सुपर 50 बनाकर 50-50 बच्चों को फ्री में जेईई और नीट की तैयारी कराई जाएगी। इन छात्र-छात्राओं को सरकार निशुल्क छात्रावास की सुविधा भी देगी। यह तैयारी पूरी तरह एआई टेक्नोलॉजी से कराई जाएगी। जिसमें ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरीके से पढ़ाई होगी। बड़े-बड़े आईआईटियन शिक्षक से लेकर पूर्णिया के कुशल शिक्षक इन छात्रों को नीट और जेईई की तैयारी करवाएंगे। इसके लिए पहले बिहार बोर्ड के सरकारी स्कूल के छात्रों की एक परीक्षा ली गई, जिसमें कुल 800 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इसमें से जेईई के लिए 25 और नीट के लिए 50 छात्र छात्राओं का चयन किया गया है। इनके रहने और पढ़ाई की पूरी निशुल्क व्यवस्था जिला स्कूल के कैंपस में कराई जाएगी। डीएम ने कहा कि जिला स्कूल में पिछले 2 साल से उन्नयन लाइव क्लासेज चल रहा है। इसका पूर्णिया और बिहार के लाखों छात्र-छात्राओं को काफी फायदा मिल रहा है।

सुपर 50 में चयनित स्टूडेंट्स ने क्या कहा?

सुपर 50 में चयनित ग्रामीण इलाके की छात्रा नेहा, ऋषु राज, साक्षी, अंजलि और अनु कुमारी ने कहा कि उनके माता-पिता काफी गरीब किसान हैं। उनके पास इतने पैसे नहीं है कि बाहर भेज कर महंगे कोचिंग संस्थानों में जेईई और नीट की तैयारी करवा पाएं। लेकिन पूर्णिया के डीएम कुंदन कुमार ने सुपर 30 के तर्ज पर सुपर 50 बनाकर उन लोगों के सपने को साकार करने का बड़ा मौका दिया है। वे लोग अब सुपर 50 संस्थान में रहकर एआई तकनीक से नीट और जेईई की तैयारी कर पाएंगे। वे लोग सभी ग्रामीण इलाके के हैं और बिहार बोर्ड से मैट्रिक की परीक्षा पास किए हैं। उनका सपना था कि वह भी डॉक्टर और इंजीनियर बनें। ऐसे में जिला प्रशासन ने पूर्णिया में उन लोगों के जैसे गरीब छात्रों के लिए यह एक अनोखी पहल शुरू की है।

पूरी व्यवस्था सरकारी स्तर पर और निशुल्क होगी

पूर्णिया जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में लाइव क्लास की शुरुआत कर बोर्ड परीक्षा के लिए क्रैश कोर्स की शुरुआत की गई थी, जिसे सभी विद्यालयों में ऑनलाइन पढ़ाया जा रहा था और अब हाईयर एजुकेशन के लिए ग्रामीण परिवेश के गरीब छात्र-छात्राओं के लिए आईआईटी और नीट की तैयारी करवाई जाएगी। यह पूरी व्यवस्था सरकारी स्तर पर और निशुल्क होगी, जो इन गरीब छात्रों के लिए एक वरदान तो साबित होगा ही साथ ही उनके सपने भी साकार हो पाएंगे।

REPORT- J P MISHRA

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। एजुकेशन से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।