1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. परीक्षा
  4. गोवा बोर्ड की परीक्षआएं रद्द करने पर अभी विचार नहीं : सावंत

गोवा बोर्ड की परीक्षआएं रद्द करने पर अभी विचार नहीं : सावंत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 15, 2021 03:40 pm IST,  Updated : Apr 15, 2021 03:40 pm IST

राज्य सरकार ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड की परीक्षाओं को रद्द करने पर अभी विचार नहीं किया है। गोवा माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की अंतिम परीक्षाएं 24 अप्रैल से होनी निर्धारित हैं

goa- India TV Hindi
goa Image Source : FILE

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि कोविड-19 के मामले बढ़ने के मद्देनजर राज्य सरकार ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड की परीक्षाओं को रद्द करने पर अभी विचार नहीं किया है। गोवा माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की अंतिम परीक्षाएं 24 अप्रैल से होनी निर्धारित हैं। सावंत ने कहा कि फिलहाल, हमने किसी बोर्ड परीक्षा को रद्द करने पर विचार नहीं किया है।

हम सुनिश्चित करेंगे कि विद्यार्थियों के परीक्षा में शामिल होने के दौरान कोविड-19 के बचाव संबंधी सभी उपाय किए जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य में एक बार फिर कोविड-19 मामले बढ़ने के बाद गोवा शिक्षा विभाग पहले ही अन्य कक्षाओं की परीक्षाएं ऑनलाइन कराने की अनुमति दे चुका है। सावंत ने कहा कि पिछले साल वैश्विक महामारी के बीच वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाते हुए राज्य में बोर्ड परीक्षाएं सफलतापूर्वक आयोजित की गई थी।

    
उन्होंने बताया कि शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए पिछले साल एक परीक्षा हॉल में केवल 11 विद्यार्थियों को बैठने दिया गया था। सीबीएसई ने बुधवार को कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा को रद्द कर दिया और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को टाल दिया। मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र ने भी कोरोना वायरस के मामले बढ़ने के बाद इन कक्षाओं के लिए अपनी राज्य बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है।

 वहीं पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश राज्य ने कहा है कि वे स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन के संबंध में अभी निर्णय नहीं लिया है। कर्नाटक ने कहा कि वह तय कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाओं का आयोजन करेगा। बुधवार को, गोवा में कोविड-19 के 473 मामले सामने आए थे और चार और लोगों की बीमारी से मौत हुई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Exams से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें एजुकेशन

goa