समूचे देश में आज नीट यूजी परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इस बीच राजस्थान से नीट का पेपर बेचकर ठगी करने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। राजस्थान पुलिस की SOG टीम ने तीन लोगों को ठगी के आरोप में हिरासत में लिया है। तीनों आरोपियों पर एक नीट अभ्यर्थी को प्रश्नपत्र देने का वादा करके 40 लाख रुपये ठगने की कोशिश करने का आरोप है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों की पहचान बलवान (27), मुकेश मीना (40) और हरदास (38) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, तीनों आरोपी शुक्रवार को छात्र और उसके परिजनों को गुरुग्राम ले गए और पैसे मांगे, जिस पर छात्र के परिजनों ने उनसे कागज दिखाने को कहा। जब उन्होंने मना कर दिया तो उन्होंने एसओजी से संपर्क किया, जिसने शनिवार को तीनों को पकड़ लिया।
बता दें कि देशभर के 566 शहरों में 5000 से अधिक केंद्रों पर आज यानी 4 मई 2025 को (रविवार) को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा नीट यूजी 2025 परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष 22 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने एग्जाम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश दिलाने के नाम पर ठगी करने चार आरोपी अरेस्ट
वहीं, ओडिशा में भुवनेश्वर पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए नीट अभ्यर्थियों से कथित तौर पर पैसे लेने के आरोप में एक अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को अरेस्ट किया है। पुलिस आयुक्त एस डी सिंह ने बताया कि ओडिशा के दो लोगों सहित चार लोगों को शनिवार को भुवनेश्वर स्पेशल क्राइम यूनिट ने गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरोह मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश का वादा करके मेडिकल अभ्यर्थियों से पैसे लेता था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चार लोगों की पहचान झारखंड के प्रियदर्शी कुमार, बिहार के अरविंद कुमार और ओडिशा के सुनील सामंत्रे और रुद्र नारायण बेहरा के रूप में हुई है।
(INPUT- PTI)