1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. NEET-UG विवाद के बाद NTA में बड़े सुधार, 600 विशेषज्ञ हटाए गए; सुरक्षा की कमान CISF को

NEET-UG विवाद के बाद NTA में बड़े सुधार, 600 विशेषज्ञ हटाए गए; सुरक्षा की कमान CISF को

 Written By: Malaika Imam
 Published : Aug 18, 2026 11:44 pm IST,  Updated : Aug 18, 2026 11:47 pm IST

केंद्र सरकार ने NTA की परीक्षा व्यवस्था में बड़े सुधारों का ऐलान किया है। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और जांच के लिए चार-स्तरीय व्यवस्था लागू की जाएगी, जबकि 600 विशेषज्ञों को हटाकर नए विशेषज्ञों को शामिल किया गया है।

NEET विवाद के बाद केंद्र ने NTA में बड़े बदलाव किए।- India TV Hindi
NEET विवाद के बाद केंद्र ने NTA में बड़े बदलाव किए। Image Source : INDIA TV

UGC-NET प्रश्नपत्र में गड़बड़ियों और NEET-UG प्रश्नपत्र लीक को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रही राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की परीक्षा व्यवस्था में केंद्र सरकार ने बड़े बदलावों की घोषणा की है। शिक्षा मंत्रालय ने परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और जवाबदेह बनाने के लिए प्रश्नपत्रों की चार-स्तरीय जांच व्यवस्था लागू करने, 600 विशेषज्ञों को हटाकर नए विशेषज्ञों की नियुक्ति और एनटीए कार्यालयों की सुरक्षा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) सौंपने का फैसला किया है।

प्रश्नपत्रों की होगी चार स्तरों पर जांच

शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक, प्रश्नपत्र तैयार करने और उनकी जांच की प्रक्रिया को और मजबूत बनाने के लिए चार-स्तरीय जांच व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके साथ ही, परीक्षा से जुड़े गोपनीय कामकाज की निगरानी और सुरक्षा प्रोटोकॉल को भी सख्त किया जाएगा।

600 विशेषज्ञों की जगह नए विशेषज्ञ

मंत्रालय ने बताया कि एनटीए की परीक्षा टीम में व्यापक बदलाव किया गया है। इसके तहत करीब 600 विशेषज्ञों को हटाकर उनकी जगह नए विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। साइबर सुरक्षा, मनोमिति, प्रश्नपत्र तैयार करने और अन्य विशेषज्ञ क्षेत्रों में निजी क्षेत्र के विशेषज्ञों को भी जोड़ा जा रहा है।

20-25 नए अधिकारी जल्द होंगे शामिल

NTA में मानव संसाधन को मजबूत करने के लिए अगले दो-तीन सप्ताह में 20-25 अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ), मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ), मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी (सीआईएसओ), महाप्रबंधक (परीक्षा सुरक्षा) और महाप्रबंधक (अनुसंधान एवं विकास तथा मनोमिति) समेत 10 नए पदों के लिए विज्ञापन जारी किए गए हैं। इन पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है।

ओखला से मिंटो रोड जाएगा एनटीए कार्यालय

मंत्रालय ने बताया कि एनटीए के कार्यालयों को युद्धस्तर पर नए परिसरों में स्थानांतरित किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी स्थित एनटीए कार्यालय को ओखला से मिंटो रोड स्थानांतरित किया जाएगा। नए परिसरों में सीआईएसएफ की टीमों के जरिये मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

एयर-गैप्ड सिस्टम और अलग कक्षों पर जोर

शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोमवार को हुई बैठक में परीक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्रालय के मुताबिक, गोपनीय कार्यप्रणाली (कॉनऑप्स) की संरचना, पृथक कक्षों, एयर-गैप्ड प्रणालियों और उपकरण जमा करने की प्रक्रियाओं में व्यापक बदलाव युद्धस्तर पर लागू किए जाएंगे।

सभी प्रक्रियाओं का होगा गहन ऑडिट

मंत्रालय ने एनटीए को परीक्षा से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं का गहन ऑडिट करने और अब तक उठाए गए सुधारात्मक कदमों पर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। सरकार का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित, निष्पक्ष और त्रुटिरहित बनाना है।

यूजीसी-नेट दोबारा कराने के फैसले के बाद बढ़ी आलोचना

शोधार्थियों के लिए यूजीसी-नेट परीक्षा दोबारा कराने की घोषणा के बाद एनटीए को विपक्षी दलों और प्रदर्शनकारी छात्र संगठनों की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। एनटीए सूत्रों का कहना है कि शिकायतों पर सक्रियता से विचार करने के बाद अभ्यर्थियों के व्यापक हित में दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया है। एजेंसी का दावा है कि आंतरिक प्रक्रियाओं और नियमों की समीक्षा कर भविष्य में अधिक जवाबदेह परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित की जाएगी।

ये भी पढ़ें-

बिहार में 17 IPS अधिकारियों का तबादला, भोजपुर और सीवान के SP भी बदले गए

JPSC-JSSC फर्जीवाड़े में CID की बड़ी कार्रवाई, मास्टरमाइंड अभय तिवारी की पत्नी-भाई गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। एजुकेशन से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।