उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी के कारण शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल में स्कूल बंद रहेंगे। गुरुवार को भी चार जिलों में स्कूल बंद रहे। भारी बारिश की चेतावनी के कारण देहरादून, पौड़ी, टिहरी और हरिद्वार जिलों में कक्षा एक से 12वीं तक के स्कूल बंद रहे। राज्य में लगातार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। भूस्खलन की भी कई घटनाएं सामने आई हैं। अधिकतर क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। इस कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन के कारण सौ से ज्यादा रास्ते बंद हो चुके हैं।
मौसम विभाग ने गुरुवार को देहरादून सहित सात जिलों में बहुत भारी वर्षा का 'रेड अलर्ट' और अन्य जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने और एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश के कारण देहरादून समेत चार जिलों में कक्षा एक से 12वीं तक के स्कूल बंद रहे। उत्तराखंड में गढ़वाल और कुमांउ दोनों क्षेत्रों में कई स्थानों पर पिछले 24 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गयी है।
107 रास्तों पर ट्रैफिक जाम
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, लगातार बारिश के कारण कई पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन हुआ है और रास्तों में बड़ी चट्टानें गिरने के कारण वाहनों की आवाजाही रुक गई है। राज्य के नौ हाईवे और बीआरओ की एक सड़क समेत 107 रास्तों पर ट्रैफिक जाम है। सड़क खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। टिहरी जिले के कद्दूखाल में बुधवार शाम एक पुराना मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया। हालांकि, प्रशासन ने घटना से पहले ही संभावित खतरे की जद में आ रहे दो रेस्टोरेंट और कुछ झुग्गियों को एहतियातन खाली करा लिया था। इस वजह से कोई जन हानि नहीं हुई।
गंगा, यमुना उफान पर
बारिश के कारण गंगा, यमुना और उसकी सहायक नदियां भी उफान पर हैं और कई स्थानों पर उनका जलस्तर बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, श्रीनगर में अलकनंदा नदी, कर्णप्रयाग में पिंडर नदी, देवप्रयाग और ऋषिकेश में गंगा नदी, धारचूला में काली नदी, पिथौरागढ़ में सरयू और जौलजीबी में गौरी नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। हालांकि, नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं, लेकिन उनकी सतत निगरानी की जा रही है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उधमसिंह नगर, नैनीताल और चंपावत समेत सात जिलों में कुछ स्थानों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के साथ कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी उधमसिंह नगर, नैनीताल एवं चंपावत जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। इसके अलावा, देहरादून, पौड़ी और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें-
जुलाई महीने में कब-कब बंद रहेंगे आपके बच्चों के स्कूल? यहां देखें पूरी लिस्ट
भारी बारिश का दिखा तांडव, चंद सेकेंड में जमींदोज हो गया मकान; देखें डराने वाला VIDEO