1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. बिहार विधान सभा चुनाव 2020
  4. बिहार में नतीजों पर बवाल, RJD ने कहा- 119 जगह पर जीत गए थे महागठबंधन के उम्मीदवार, चुनाव आयोग ने कहा- दावा गलत

बिहार में नतीजों पर बवाल, RJD ने कहा- 119 जगह पर जीत गए थे महागठबंधन के उम्मीदवार, चुनाव आयोग ने कहा- दावा गलत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 10, 2020 10:35 pm IST,  Updated : Nov 10, 2020 10:35 pm IST

राष्ट्रीय जनता दल ने मंगलवार को दावा किया है कि महागठबंधन के 119 प्रत्याशी चुनाव जीत चुके थे, लेकिन उन्हें सर्टिफिकेट नहीं दिया गया।

RJD 119 candidates, RJD 119 candidates won, Election Commission RJD, bihar election results bjp- India TV Hindi
राष्ट्रीय जनता दल ने मंगलवार को दावा किया कि महागठबंधन के 119 प्रत्याशी चुनाव जीत चुके थे, लेकिन उन्हें सर्टिफिकेट नहीं दिया गया। Image Source : PTI FILE

पटना: बिहार विधानसभा चुनावों में अब नतीजों को लेकर बवाल शुरू हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल ने मंगलवार को दावा किया है कि महागठबंधन के 119 प्रत्याशी चुनाव जीत चुके थे, लेकिन उन्हें सर्टिफिकेट नहीं दिया गया। हालांकि चुनाव आयोग ने राष्ट्रीय जनता दल के दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया। चुनाव आयोग ने 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अभी तक 149 सीटों पर ही वोटों की गिनती हो पाई है, जबकि 94 सीटों पर काउंटिंग बाकी है। रात 10 बजे तक एनडीए 123 और महागठबंधन 113 सीटों पर या तो आगे चल रहे थे या उन्होंने जीत दर्ज कर ली थी। 7 सीटों पर अन्य दलों के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी।

चुनाव आयोग में शिकायत करने पहुंचे RJD नेता

राजधानी पटना में राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग के पास शिकायत दर्ज कराने पहुंचा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन पार्टियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर मतगणना को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। राष्ट्रीय जनता दल की तरफ से मनोज झा और श्याम रजक चुनाव आयोग से शिकायत करने पहुंचे थे। राष्ट्रीय जनता दल ने एक ट्वीट में कहा, 'ये उन 119 सीटों की सूची है जहाँ गिनती संपूर्ण होने के बाद महागठबंधन के उम्मीदवार जीत चुके है। रिटर्निंग ऑफ़िसर ने उन्हें जीत की बधाई दी लेकिन अब सर्टिफ़िकेट नहीं दे रहे है कह रहे है कि आप हार गए है। ECI की वेबसाइट पर भी इन्हें जीता हुआ दिखाया गया। जनतंत्र में ऐसी लूट नहीं चलेगी।'


बीजेपी ने कहा, बहाना बना रही है RJD
वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय जनता दल पर बहाने बनाने और घटिया राजनीति करने का आरोप लगाया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर संजय जायसवाल ने कहा, 'एनडीए की सरकार बिहार में बन रही है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री मंत्री ने भी कई बार यह स्पष्ट कर दिया था कि बीजेपी की अधिक सीट आने पर भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे। 'बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने आरजेडी सांसद मनोज झा द्वारा मतगणना को प्रभावित करने को लेकर लगाए गए आरोपों पर कहा कि ये आरजेडी की घटिया राजनीति है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bihar Vidhan Sabha Chunav 2020 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024