1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. हरियाणा विधान सभा चुनाव 2019
  4. हरियाणा: 1967 में हुआ था पहला विधानसभा चुनाव, पहली बार ही 4 महिलाएं बन गईं थीं विधायक

हरियाणा: 1967 में हुआ था पहला विधानसभा चुनाव, पहली बार ही 4 महिलाएं बन गईं थीं विधायक

 Reported By: Yashveer Singh @yashveer_ji
 Published : Oct 10, 2019 07:33 pm IST,  Updated : Oct 10, 2019 08:17 pm IST

1967 में हरियाणा विधानसभा में कुल 81 विधानसभा सीटें थीं जो अब बढ़कर 90 हो चुकी हैं, 1967 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में कुल 43,87,980 मतदाता थे जो इस बार के विधानसभा चुनाव में चार गुना से ज्यादा बढ़कर 1,82,98,714 हो चुके हैं।

हरियाणा विधानसभा...- India TV Hindi
हरियाणा विधानसभा चुनाव Image Source : INDIA TV

हरियाणा विधानसभा के लिए इस बार होने जा रहा चुनाव राज्य का 13वां विधानसभा चुनाव है। पंजाब से अलग होकर नया राज्य बनने के बाद हरियाणा में पहली बार 1967 में विधानसभा चुनाव हुआ था और तब से लेकर अबतक हरियाणा की राजनीति में कई बदलाव हो चुके हैं।

1967 में थीं 81 विधानसभा सीटें, अब हुईं 90

1967 में हरियाणा विधानसभा में कुल 81 विधानसभा सीटें थीं जो अब बढ़कर 90 हो चुकी हैं, 1967 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में कुल 43,87,980 मतदाता थे जो इस बार के विधानसभा चुनाव में चार गुना से ज्यादा बढ़कर 1,82,98,714 हो चुके हैं। मतदाताओं की संख्या बढ़ने की वजह से पिछले 52 साल में हरियाणा में मतदान केंद्रों की संख्या में भी 4 गुना से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। 1967 में हुए हरियाणा विधानसभा के चुनावों में कुल 4,741 मतदान केंद्र थे जबकि इस बार होने वाले विधानसभा चुनावों में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 19,425 हो गई है।

साल 1967 में बनी थी कांग्रेस सरकार, साल 2014 में खिला कमल

1967 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में 81 विधानसभा सीटों में से 48 सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी जीते थे जबकि 16 सीटों पर निर्दलीयों की जीत हुई थी, 12 सीटों पर भारतीय जनसंघ के प्रत्याशी जीते थे और बाकी 5 सीटों पर अन्य दलों की जीत हुई थी। 2014 में हुए हरियाणा विधानसभा चुनावों में राज्य की 90 विधानसभा सीटों में से 47 पर भारतीय जनता पार्टी, 15 पर कांग्रेस, 19 पर इंडियन नेशनल लोकदल, 5 पर निर्दलीय और बाकी सीटों पर अन्य दलों के प्रत्याशी जीते थे।

भाजपा और कांग्रेंस में बताई जा रही है टक्कर

इस बार के हरियाणा विधानसभा चुनाव में मुख्य टक्कर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच बताई जा रही है जबकि इंडियन नेशनल लोकदल और उसी से निकली जननायक जनता पार्टी का भी अच्छा प्रभाव है।

पहले चुनाव में विधानसभा पहुंचीं थीं 4 महिलाएं

हरियाणा में पुरुष महिला अनुपात अन्य राज्यों के मुकाबले काफी खराब है लेकिन हरियाणा की महिलाओं की राजनीति में एंट्री की शुरुआत पहले चुनाव से ही हो गई थी। 1967 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में 8 महिलाओं ने चुनाव लड़ा था जिनमें से 4 महिलाएं विधायक बनीं थी। उस समय नाग्गल विधानसभा सीट से लखवती, इंद्री विधानसभा सीट से पी देवी, कैथल विधानसभा सीट से ओ प्रभा और रेवाड़ी विधानसभा सीट से एस देवी चुनाव जीतीं थीँ। ये चारों कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा पहुंचीं थीं। साल 2014 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में 77 महिलाओं ने चुनाव लड़ा था और 13 महिलाएं विधायक बनकर विधानसभा पहुंचीं थीं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Haryana Vidhan Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024