1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. अहमदाबाद में हार्दिक पटेल की रैली में फिर हंगामा, भाजपा पर साजिश रचने का आरोप

अहमदाबाद में हार्दिक पटेल की रैली में फिर हंगामा, भाजपा पर साजिश रचने का आरोप

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 21, 2019 06:55 am IST,  Updated : Apr 21, 2019 08:49 am IST

आरक्षण आंदोलन से उभरे कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल की एक चुनावी रैली में पाटीदार अनामत आंदोलन समिति के एक धड़े के सदस्यों ने यहां निकोल इलाके में कथित तौर पर शनिवार को व्यवधान डाला।

Hardik Rally - India TV Hindi
Hardik Rally 
अहमदाबाद। आरक्षण आंदोलन से उभरे कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल की एक चुनावी रैली में पाटीदार अनामत आंदोलन समिति के एक धड़े के सदस्यों ने यहां निकोल इलाके में कथित तौर पर शनिवार को व्यवधान डाला। हार्दिक अहमदाबाद पूर्व सीट से कांग्रेस उम्मीदवार गीता पटेल के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। इससे पहले सुरेंद्रनगर जिले के बलदाना में एक रैली के दौरान हार्दिक को थप्पड़ मारा जा चुका है। 
 
प्रत्यक्षदर्शी जयेश पटेल ने बताया कि पाटीदार अनामत आंदोलन समिति के जेल में बंद नेता अल्पेश कठेरिया के समर्थक होने का दावा करने वाले चार से पांच लोग शनिवार की रात निकोल के विराट नगर में कार्यक्रम स्थल के पास आये और उन्हें रिहा करने के नारे लगाने लग गये। 
 
उसने कहा, ‘‘स्थल पर मौजूद हार्दिक के सदस्यों के साथ उनकी झड़प हुई और उन लोगों को रैली से बाहर ले जाया गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप किया और उन लोगों को यहां से ले गयी।’’ 
 
हार्दिक ने कहा, ‘‘यह भाजपा का काम है। वे नहीं चाहते कि मैं प्रचार करूं। कल उन्होंने एक आदमी भेजा जिसने मुझे थप्पड़ मारा और आज उन्होंने रैली में व्यवधान डालने के लिये गुंडे भेजे।’’हालांकि भाजपा नेता धनसुख भंडेरी ने हार्दिक के आरोपों को नकार दिया और कहा कि यह कांग्रेस की आंतरिक खींचतान का परिणाम है।
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024