1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. लोकसभा चुनाव: AAP ने जारी किया घोषणापत्र, केजरीवाल ने राहुल और कांग्रेस पर बोला हमला

लोकसभा चुनाव: AAP ने जारी किया घोषणापत्र, केजरीवाल ने राहुल और कांग्रेस पर बोला हमला

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 25, 2019 01:36 pm IST,  Updated : Apr 25, 2019 01:36 pm IST

आम आदमी पार्टी (AAP) ने 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है।

Lok Sabha election: AAP releases poll manifesto for Delhi | Twitter- India TV Hindi
Lok Sabha election: AAP releases poll manifesto for Delhi | Twitter

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) ने 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुद इसकी घोषणा की और शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा, प्रदूषण, सीलिंग, परिवहन आदि से जुड़े कई वादे किए। इस मौके पर केजरीवाल ने यह भी कहा कि इन सभी वादों को पूरा करने के लिए दिल्ली का पूर्ण राज्य बनना जरूरी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि वह लोकसभा चुनावों के बाद भी मोदी के अलावा किसी को भी समर्थन देने को तैयार हैं, लेकिन बदले में वह चाहेंगे कि दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा मिले। 

‘यह चुनाव दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने के लिए’

केजरीवाल ने यह भी कहा कि यह चुनाव किसी को PM बनाने के लिए नहीं, दिल्ली को पूर्णराज्य बनाने के लिए है। उन्होंने कहा, ‘2019 का चुनाव भारत को बचाने का चुनाव है, संविधान को बचाने का चुनाव है। पिछले 3 हजार सालों से कई बार हमले हुए, भारत उनको सह गया। आज हमारे संस्कृति पर प्रहार हो रहा है। भारत बचेगा तब मेनिफेस्टो बचेगा। बीजेपी ने अपना मेनिफेस्टो जारी किया था, लेकिन उनका अध्यक्ष कहते हैं कि ये तो जुमला है।’ केजरीवाल ने इस मौके पर मोदी सरकार के साथ-साथ कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा।

‘बीजेपी जीती तो सिर्फ राहुल गांधी जिम्मेदार होंगे’
केजरीवाल ने इस मौके पर कहा, ‘कांग्रेस को एक भी हिन्दू वोट नहीं मिल रहा है, सिर्फ कुछ मुसलमानों के मन में दुविधा है। यदि केंद्र में भाजपा की सरकार बनती है तो इसके लिए सिर्फ और सिर्फ राहुल गांधी जिम्मेदार होंगे। कांग्रेस के साथ गठबंधन के बारे में हम सपने में भी नहीं सोच सकते थे, लेकिन अमित शाह और मोदी की जोड़ी को हराने के लिए हम दिल्ली, हरियाणा और पंजाब की 33 सीटों पर गठबंधन के लिए तैयार थे, लेकिन ऐसा लगा कि वे तैयार नहीं हैं। कांग्रेस आज दिल्ली में एक भी सीट नहीं जीत सकती, यदि वे सातों सीटें जीत सकते तो हम यहां सभी सीटें छोड़ देते।’

Lok Sabha election: AAP releases poll manifesto for Delhi | Twitter
घोषणा पत्र जारी करते आम आदमी पार्टी के नेता | Twitter

जानें, आम आदमी पार्टी के घोषणा पत्र में क्या है:

  • आम आदमी पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि पूर्ण राज्य बनने के बाद उनकी सरकार दिल्ली पुलिस में बदलाव करेगी और रिक्त भर्तियों को भरेगी। 
  • पुलिसवालों को आराम के लिए पूरा वक्त मिलेगा जिससे वे अच्छे से और ईमानदारी से ड्यूटी कर सकेंगे।
  • आम आदमी पार्टी दिल्ली के कॉलेजों में 85 प्रतिशत सीटें यहां के बच्चों के लिए आरक्षित करेगी।
  • दिल्ली के मतदाताओं को नौकरियों में 85 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।
  • दिल्ली के पूर्ण राज्य बनते ही एक हफ्ते के अंदर ठेके के कर्मचारियों (गेस्ट टीचर्स भी) को पक्का किया जाएगा।
  • यदि MCD आम आदमी के अंतर्गत आती है तो हर तरफ फैले कूड़े से छुटकारा दिलाया जाएगा।
  • DDA में भ्रष्टाचार को खत्म करके 10 साल के अंदर दिल्ली के लोगों को सस्ते और आसान किस्तों में घर दिलाएंगे।
  • ऐंटी करप्शन ब्रांच जिसे मोदी सरकार ने 'छीना' उसे वापस लेकर फिर से भ्रष्टाचार कम करेंगे।
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024