नयी दिल्ली: लोकसभा चुनाव 2019 में एक बार फिर नरेंद्र मोदी की सुनामी ने तमाम विपक्षी दलों को धाराशायी कर दिया है। 2014 के लोकसभा चुनाव से भी ज्यादा सीटें बीजेपी और सहयोगी दलों के खाते में गई हैं। वहीं कांग्रेस 100 का आंकड़ा भी नहीं छू सकी। खबर लिखे जाने तक कुल 542 सीटें पर, जिनमें रुझान और नतीजे शामिल हैं, कुल मिलाकर बीजेपी की अगुवाई वाली एनडीए के खाते में 349 सीटें गई हैं जबकि कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए 90 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर है। सपा और बसपा महागठबंधन के खाते में 18 सीटें गई हैं। वहीं अन्य दलों के खाते में 85 सीटें गई हैं। राहुल गांधी अमेठी सीट से हार गए जबकि वायनाड सीट से उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की है।
Related Stories
उधर बीजेपी की प्रचंड जीत पर दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में जश्न के माहौल के बीच बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा नीत राजग की विजय को ‘हिन्दुस्तान, लोकतंत्र और जनता की विजय’ बताया और कहा कि भाजपा देश के संविधान एवं संघवाद के प्रति समर्पित है तथा केंद्र एवं राज्य देश की विकास यात्रा में कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने साथ ही कहा कि सरकार भले ही बहुमत से चलती हो लेकिन देश सर्वमत से चलता है और हम इस विचार के साथ सभी को साथ लेकर चलेंगे। मोदी ने कहा, ‘‘ चुनावों के बीच क्या हुआ, वो बात बीत चुकी है। हमें सबको साथ लेकर चलना है। घोर विरोधियों को भी देशहित में साथ लेकर चलना है। इस प्रचंड बहुमत के बाद भी नम्रता के साथ लोकतंत्र की मर्यादाओं के बीच चलना है। संविधान हमारा सुप्रीम है, उसी के अनुसार हमें चलना है।’’ उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में वह बदइरादे से, बदनियत से कोई काम नहीं करेंगे।