कानपुर (उप्र): कानपुर में सोमवार को मतदान के दौरान एक पुलिस अधिकारी को धमकाने के आरोप में भाजपा के एक नेता तथा उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जिलाधिकारी विजय विश्वास पंत ने बताया कि ग्वालटोली के पुलिस क्षेत्राधिकारी जनार्दन दुबे की शिकायत पर भाजपा नेता सुरेश अवस्थी और उसके छह साथियों के खिलाफ धमकाने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
Related Stories
उन्होंने बताया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गया। शिकायतकर्ता पुलिस अधिकारी जनार्दन दुबे ने बताया कि वह ग्वालटोली थाना क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल परमट में स्थित मतदान केन्द्र में भाजपा एजेंटों द्वारा मतदेय स्थल में जबरन घुसने और मतदाताओं के नाम पर निशान लगाये जाने की शिकायत पर वहां पहुंचे थे।
उनका आरोप है कि मना करने पर भाजपा नेता सुरेश अवस्थी ने वहां पहुंचकर उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी और साथी पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता की। दुबे का आरोप है कि अवस्थी ने उनसे कहा कि वह उसके निशाने पर हैं और चुनाव के कुछ दिन बाद उन्हें अंजाम भुगतना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि मामले का संज्ञान लेकर वरिष्ठ अधिकारियों ने इस बारे में चुनाव आयोग को भी अवगत कराया है।'
देखें वीडियो-