1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. गाजियाबाद में सीएम योगी की जनसभा, कांग्रेस, सपा और बसपा पर लगाए नकारात्मक राजनीति करने के आरोप

गाजियाबाद में सीएम योगी की जनसभा, कांग्रेस, सपा और बसपा पर लगाए नकारात्मक राजनीति करने के आरोप

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 31, 2019 03:01 pm IST,  Updated : Mar 31, 2019 03:01 pm IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गाजियाबाद में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और रालोद पर नकारात्मक राजनीतिक करने का आरोप लगाया।

Yogi Adityanath- India TV Hindi
Yogi Adityanath

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गाजियाबाद में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और रालोद पर नकारात्मक राजनीतिक करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा को रोकने के लिए गैर-भाजपाई दल नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि CRPF जवानों की शहादत के परिणामस्वरूप की गई भारतीय वायुसेना की कार्रवाई पर भी ये दल सवाल खड़े कर रहे हैं। देश और प्रदेश की जनता निश्चित तौर पर नकारात्मक राजनीति करने वाले दल और उनके प्रत्याशियों को सबक सिखाएगी।’’

योगी ने कहा, ‘‘अखिलेश सरकार में कांवड़ यात्रा के दौरान DJ पर प्रतिबंध लगाया गया था। योगी सरकार ने सत्ता में आने के बाद कांवड़ यात्रा को नया रूप देने का काम किया।’’ इस जनसभा में खोड़ा से जिला पंचायत सदस्य कालू यादव ने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल होने का ऐलान भी किया।

‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के बीच योगी ने कहा, ‘‘गाजियाबाद की धरती पर लोग एक बार फिर से नरेंद्र मोदी को देश के प्रधानमंत्री के तौर पर चुनने के लिए एकत्र हुए हैं। यहां की आवाज प्रदेश की सभी 80 सीटों तक पहुंचनी चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह देखना होगा कि 2014 से पहले देश में क्या हालात थे। हर तरफ अराजकता थी और विकास में बाधा डाली जा रही थी। संप्रग सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर था। दुनिया के दूसरे देशों में भारत का सम्मान समाप्त हो गया था।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘नरेंद्र मोदी ने देश के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेकर व्यवस्था देने का संकल्प लिया था। पांच साल के दौरान देश की जो तस्वीर बदली है वह सभी देश वासियों के सामने है। परिवारवाद और जातिवाद से हटकर पहली बार काम हुआ है।’’ उन्होंने कहा कि ‘देश के प्रधानमंत्री ने पहली बार देश में 100 स्मार्ट सिटी देने का काम किया, जिसमें 10 उत्तर प्रदेश से हैं।’ हालांकि, प्रदेश के इन 10 शहरों में गाजियाबाद शामिल नहीं है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024