1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. क्या पीएम पद की दौड़ में शामिल हैं ममता बनर्जी? जानें बंगाल की मुख्यमंत्री ने क्या कहा

क्या पीएम पद की दौड़ में शामिल हैं ममता बनर्जी? जानें बंगाल की मुख्यमंत्री ने क्या कहा

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 29, 2021 04:44 pm IST,  Updated : Oct 29, 2021 04:44 pm IST

जब एक अन्य पत्रकार ने यही सवाल पूछा तो ममता बनर्जी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ‘‘आप प्रधानमंत्री पद के लिए चुनाव क्यों नहीं लड़ते। आप मीडिया हैं, आप भी चुनाव लड़ सकते हैं।’’

Mamata Banerjee, West Bengal Chief Minister- India TV Hindi
Mamata Banerjee, West Bengal Chief Minister Image Source : PTI FILE PHOTO

पणजी: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अगले आम चुनाव में प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल होने संबंधी सवालों को शुक्रवार को टाल दिया। बनर्जी से पूछा गया था कि क्या वह 2024 में देश के शीर्ष पद की दौड़ में शामिल हो रही हैं तो उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘अगर मैं आपको अभी सब कुछ बता दूं तो मैं बाद में क्या बताऊंगी?’’ अटकलें लगाई जा रही हैं कि इस साल की शुरुआत में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस की शानदार जीत के बाद, बनर्जी की नजर 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले राष्ट्रीय राजनीति में एक बड़ी भूमिका निभाने पर है। 

बता दें कि, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ममता बनर्जी गुरुवार की शाम से गोवा के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। उनकी पार्टी ने अगले साल की शुरुआत में होने वाले गोवा विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है। यह पूछे जाने पर कि क्या तृणमूल कांग्रेस का आगामी गोवा विधानसभा चुनाव लड़ने का मकसद अगले लोकसभा चुनाव की बड़ी योजना का हिस्सा है, बनर्जी ने कहा, ‘‘हम 2024 में चुनाव लड़ेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम पारदर्शी हैं। हम लुका-छिपी का खेल नहीं खेलते हैं। हम एक पारदर्शी पार्टी हैं।’’ 

जब एक अन्य पत्रकार ने यही सवाल पूछा तो बनर्जी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ‘‘आप प्रधानमंत्री पद के लिए चुनाव क्यों नहीं लड़ते। आप मीडिया हैं, आप भी चुनाव लड़ सकते हैं।’’ गोवा चुनावों के लिए तृणमूल कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने हाल में कहा था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अगले कई दशकों तक भारतीय राजनीति के केंद्र में रहेगी और पार्टी जीत या हार के बावजूद कहीं नहीं जाएगी। 

उनके बयान के बारे में पूछे जाने पर ममता बनर्जी ने कहा कि पत्रकारों को उनसे इस बारे में पूछने के बजाय किशोर से सवाल करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘हो सकता है, उनके कहने का मतलब यह हो कि अगर हम इसे सही ढंग से नहीं करेंगे तो भाजपा बनी रहेगी।’’ पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने घोषणा की है कि वह आगामी चुनावों में गोवा की सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

टीएमसी का अर्थ 'टैम्पल', 'मॉस्क' और चर्च है: ममता बनर्जी 

तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने शुक्रवार को गोवा में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा उन्हें 'हिंदू विरोधी' कहती है, हालांकि उसे उन्हें 'चरित्र प्रमाण पत्र' देने का कोई अधिकार नहीं है। बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी के नाम ‘टीएमसी’ में 'टी' का अर्थ टैंपल (मंदिर), 'एम' का मॉस्क (मस्जिद) और 'सी' का चर्च (गिरजाघर) है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्य गोवा की 3 दिवसीय यात्रा के लिये पहुंची ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी वोट बांटने के लिए नहीं बल्कि राज्य को ''मजबूत और आत्मनिर्भर'' बनाने के लिए यहां चुनाव लड़ना चाहती है।

ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर भी साधा निशाना

ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य का शासन दिल्ली से नहीं चलेगा। बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी लोगों को धार्मिक आधार पर नहीं बांटती, भले ही वे हिंदू, मुस्लिम या ईसाई हों। बनर्जी ने कहा कि अगर गोवा में टीएमसी सत्ता में आती है तो वह बदले के एजेंडे से नहीं, बल्कि राज्य के लिए काम करेगी। बनर्जी ने कहा, ''भाजपा उन्हें 'हिंदू विरोधी' कहती है, हालांकि उसे उन्हें 'चरित्र प्रमाण पत्र' देने का कोई अधिकार नहीं है। पहले उन्हें अपना चरित्र तय करना चाहिये।'' कांग्रेस का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने 60-70 साल तक चुनाव लड़ा है। उन्होंने कहा, "पिछली बार (2017 के गोवा चुनाव में) आपने (कांग्रेस ने) भाजपा को सरकार बनाने का मौका दे दिया था। वे दोबारा ऐसा कर सकते हैं। हम उन पर कैसे भरोसा कर सकते हैं? टीएमसी गोवा के लिए अपना खून देने को तैयार है, लेकिन यह भाजपा के साथ समझौता नहीं करेगी।' टीएमसी ने गोवा की सभी 40 विधानसभा सीटों पर आगामी चुनाव लड़ने की घोषणा की है। पार्टी ने कई स्थानीय नेताओं को अपने पाले में लाना शुरू कर दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024