1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा- नंदीग्राम में बाहरी हैं ममता बनर्जी, चंडीपाठ भी सही से नहीं किया

बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा- नंदीग्राम में बाहरी हैं ममता बनर्जी, चंडीपाठ भी सही से नहीं किया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 10, 2021 06:34 pm IST,  Updated : Mar 10, 2021 06:34 pm IST

ममता बनर्जी ने बुधवार को नंदीग्राम विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया और जीतने का विश्वास जताते हुए कहा कि वह नंदीग्राम से कभी खाली हाथ नहीं लौटीं।

Suvendu Adhikari, Suvendu Adhikari Bhumiputra, Suvendu Adhikari Outsider, Mamata Banerjee- India TV Hindi
सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि तृणमूल की सरकार के कारण चिटफंड घोटाला हुआ और उसके नेताओं ने 'जनता का पैसा' लूटा। Image Source : PTI FILE

नंदीग्राम: भारतीय जनता पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नंदीग्राम में बाहरी बताते हुए बुधवार को कहा कि राज्य में जिन लोगों के साथ चिटफंड कंपनियों ने धोखा किया है, बीजेपी की सरकार बनने के बाद उन्हें उनके पैसे लौटाए जाएंगे। एक समय तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे अधिकारी ने बनर्जी पर चुनाव से पहले धर्म के आधार पर लोगों को बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि टीएमसी प्रमुख ने मंगलवार नंदीग्राम में चंडीपाठ भी 'गलत तरीके से' किया। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल की सरकार के कारण चिटफंड घोटाला हुआ और उसके नेताओं ने 'जनता का पैसा' लूटा।

‘मैं नंदीग्राम का भूमिपुत्र हूं, यहां का नियमित मतदाता हूं’

हाल ही में तृणमूल छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए अधिकारी ने अपने चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करते हुए कहा, 'वह (बनर्जी) नंदीग्राम में बाहरी हैं। वह यहां पर मतदान भी नहीं करती। मैं न केवल भूमिपुत्र हूं बल्कि इस इलाके का नियमित मतदाता भी हूं। मैं वर्षों से इस इलाके के लोगों के साथ हूं जबकि बनर्जी केवल चुनाव के दौरान यहां आती हैं।' नंदीग्राम की चर्चित विधानसभा सीट पर एक अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा। इस हाई प्रोफाइल विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी के प्रत्याशी के तौर पर शुभेंदु अधिकारी आमने-सामने होंगे।

ममता ने नंदीग्राम से दाखिल किया नामांकन
ममता बनर्जी ने बुधवार को नंदीग्राम विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया और जीतने का विश्वास जताते हुए कहा कि वह नंदीग्राम से कभी खाली हाथ नहीं लौटीं। बनर्जी ने तृणमूल प्रदेश अध्यक्ष सुव्रत बक्शी की उपस्थिति में हल्दिया सब डिविजनल कार्यालय में नामांकन दाखिल किया। इससे पहले उन्होंने दो किलोमीटर लंबे रोड शो में हिस्सा लिया और एक मंदिर में पूजा अर्चना की। नामांकन दाखिल करने में बाद बनर्जी एक और मंदिर गईं। उन्होंने कहा, ‘नंदीग्राम केवल एक नाम नहीं है यह एक आंदोलन का नाम है। मैं सभी का नाम भूल सकती हूं लेकिन नंदीग्राम का नाम नहीं भूल सकती। मेरे लिए इस स्थान का इतना महत्व है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024