कोलकाता: कोविड-19 की दूसरी लहर के बीच पश्चिम बंगाल में आज सातवें चरण के मतदान जारी है। इसमें 86 लाख से अधिक मतदाता मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गृह निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर सहित 34 सीटों पर 284 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। चुनाव के पूर्व के चरणों में हुई हिंसा के मद्देनजर सातवें चरण के मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। निर्वाचन इकाई ने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए इस चरण में केंद्रीय बलों की कम से कम 796 कंपनी तैनात करने का फैसला किया है। सातवें चरण में 12,068 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। सभी की नजरें भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र पर होंगी जहां से तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी मौजूदा विधायक हैं और वह इसी क्षेत्र की निवासी हैं। बनर्जी ने इस बार नंदीग्राम से चुनाव लड़ा है और अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र से अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्य के विद्युत मंत्री सोभनदेब चट्टोपाध्याय को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने भवानीपुर से अभिनेता रुद्रनील घोष को अपना उम्मीदवार बनाया है जो तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भगवा दल में शामिल हो गए थे।
सातवें चरण में ये हैं चर्चित प्रत्याशी-
बंगाल चुनाव के सातवें चरण के चर्चित प्रत्याशियों में तृणमूल सरकार के मंत्री फिरहाद हकीम, सुब्रत मुखर्जी, शोभनदेव चट्टोपाध्याय और भाजपा से जाने-माने अभिनेता रूद्रनील घोष, विख्यात अर्थशास्त्री अशोक कुमार लाहिड़ी, आसनसोल के पूर्व मेयर जीतेंद्र तिवारी और मशहूर फैशन डिजाइनर अग्निमित्रा पाल शामिल हैं। वहीं संयुक्त मोर्चा से जेएनयू की छात्र संघ की अध्यक्ष आइशी घोष व आभास राय चौधरी (माकपा) और मइनुल हक और आबू हेना (कांग्रेस) चुनावी मैदान में हैं।
पश्चिम बंगाल चुनाव: सातवें चरण में 34 सीटों पर मतदान जारी। अपराह्न तीन बजे तक 67.27 प्रतिशत मतदान हुआ।
आसनसोल क्षेत्र से टकराव की कुछ घटनाएं सामने आईं जहां तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार सायोनी घोष ने दावा किया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मतदान केंद्र पर अवरोध पैदा करने की कोशिश की। भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्र पॉल ने इन आरोपों को निराधार बताया और दावा किया कि अपनी हार सुनिश्चित देख घोष इस प्रकार के आरोप लगा रही हैं।
सातवें चरण में मुर्शिदाबाद और पश्चिम वर्द्धमान जिलों की नौ विधानसभा सीटों तथा दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों की छह-छह सीटों और कोलकाता की चार सीटों के 12,068 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जा रहे हैं। इनमें भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र भी शामिल है जहां से तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी मौजूदा विधायक हैं और वह इसी क्षेत्र की निवासी हैं।
श्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के सातवें चरण के तहत सोमवार को हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच मतदान जारी है। अधिकारियों के मुताबिक पूर्वाह्न 11 बजे तक 37.72 प्रतिशत मतदान हुआ। अधिकतर मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं।
पश्चिम बंगाल में रासबिहारी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रत साहा के एजेंट को शहर के न्यू अलीपुर इलाके में एक मतदान केंद्र पर कुछ महिलाओं से छेड़खानी के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इस बारे में बताया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अंदर कई महिलाओं ने मोहन राव पर विद्या भारती स्कूल मतदान केंद्र के उनका हाथ पकड़ कर उन्हें घसीटने का आरोप लगाया था।
उन्होंने बताया, ‘‘इस संबंध में हमें शिकायत मिली और मामले में जांच जारी है।’’ राव ने इन आरोपों से इनकार किया है और कहा कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई। इस बीच साहा ने आरोप लगाया, ‘‘तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता इलाके में व्यवधान पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। यह शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया में जान बूझ कर बाधा उत्पन्न करने का प्रयास है।’’ राज्य में सातवें चरण में 34 सीटों पर मतदान जारी है।
हम सब लोग बचपन से मालदा को आम की दृष्टि से जानते थे। ममता जी के कुशासन के कारण मालदा बम बनाने की फैक्ट्री के रूप में जाना जाने लगा, नकली नोट छापने की दृष्टि से जाना जाने लगाः पश्चिम बंगाल के मालदा में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जनसभा को संबोधित करते हुए जे.पी.नड्डा, BJP
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के सातवें चरण में सुबह 11:36 बजे तक 37.72% मतदान हुआ है।
पश्चिम बंगाल: विधानसभा चुनाव के 7वें चरण के मतदान में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने कोलकता के भवानीपुर में वोट डाला। उन्होंने कहा, ''2/3 बहुमत के साथ ममता बनर्जी की सरकार बनेगी। कोरोना की दूसरी लहर चल रही है। हर दिन लोगों की मौत हो रही है लेकिन केंद्र सरकार चुनावों में व्यस्त है।''
ममता बनर्जी चुनाव हार चुकी हैं। नंदीग्राम के चुनावों के पहले उनके बयान कुछ और होते थे। नंदीग्राम के बाद के बयान निराशा वाले बयान हैं क्योंकि उनको पता लग गया है कि नंदीग्राम में वे हार चुकी हैं। उनको पता लग गया कि जनता ने उनका असली चेहरा पहचान लिया है: भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय
मालदा जिले की रतुआ विधानसभा के बूथ संख्या 142 पर लोगों ने वोट डाला।
पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के सातवें चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। इस चरण में आज 34 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं।
संपादक की पसंद