1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. कर्नाटक चुनाव 2023: खुद अमित शाह ने रचा है चुनावी चक्रव्यूह, जगदीश शेट्टार बोले-कर लो कोशिशें

कर्नाटक चुनाव 2023: खुद अमित शाह ने रचा है चुनावी चक्रव्यूह, जगदीश शेट्टार बोले-कर लो कोशिशें

 Edited By: Kajal Kumari
 Published : Apr 30, 2023 02:30 pm IST,  Updated : Apr 30, 2023 02:32 pm IST

कर्नाटक चुनाव में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। बीजेपी छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामने वाले जगदीश शेट्टार को हराने के लिए खुद अमित शाह ने सियासी चक्रव्यूह तैयार किया है। इसपर शेट्टार ने भी कहा है-कर लीजिए कोशिशें...

amit shah makes karnataka winnig strategy- India TV Hindi
अमित शाह ने बनाया कर्नाटक का सियासी चक्रव्यूह Image Source : ANI

कर्नाटक चुनाव 2023: पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आने के बाद भाजपा लगातार उनपर ही हमला बोल रही है जिससे कर्नाटक विधानसभा चुनाव में सारा फोकस उनके ऊपर ही आ गया है। भाजपा ने अब शेट्टार को उनके घर में हराकर दलबदलुओं और पार्टी के फरमान को नहीं मानने वालों को कड़ा संदेश देने की ठान ली है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक शेट्टार की हार सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद सियासी रणनीति बना रहे हैं। उन्हें हराने की जिम्मेदारी पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री और लिंगायत समुदाय के बाहुबली बी.एस. येदियुरप्पा को सौंपी है।

अमित शाह ने हुबली में पार्टी नेताओं के साथ कई बैठकें कीं और जोर देकर कहा कि हर हाल में जगदीश शेट्टार की हार होनी चाहिए। इसके बाद येदियुरप्पा ने घोषणा की है कि भाजपा शेट्टर को हरा देगी और भव्य समारोह आयोजित करेगी।

येदियुरप्पा ने कहा था-खून से लिखकर दूंगा कि...

येदियुरप्पा ने कुछ दिनों पहले कहा था कि वह खून से लिखकर देंगे कि शेट्टार नहीं जीत सकते हैं उनकी हार होने वाली है। इसके जवाब में शेट्टार के एक समर्थक ने खून से लिखा था कि वह किसी भी कीमत पर जीतकर दिखाएंगे। शेट्टार ने खुद उस समर्थक के घर जाकर उससे मुलाकात की थी। शेट्टार की समर्थक से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं हैं।

हुबली से सातवीं बार चुनाव लड़ रहे शेट्टार

बीजेपी छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामने वाले जगदीश शेट्टर सातवीं बार हुबली-धारवाड़ केंद्रीय निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं, जिसमें वे छह बार यहां से जीत चुके हैं। इस बार भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया तो वह अपने अपमान का दावा करते हुए कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बी.एल. संतोष उनके पार्टी छोड़ने के लिए जिम्मेवार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में लिंगायत नेतृत्व को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।

शेट्टार ने दिया जवाब-हराने की सारी कोशिशें कर लो

शेट्टर के बयानों पर खुद अमित शाह ने सफाई दी और बताया कि कैसे भाजपा लिंगायतों के साथ खड़ी है और समुदाय के नेताओं को मान दिया है तो वहीं भाजपा की आक्रामक रणनीति पर टिप्पणी करते हुए शेट्टार ने कहा, मैं बड़पाई (कमजोर) शेट्टार हूं। लेकिन भाजपा मेरी हार सुनिश्चित करने के लिए मेरे खिलाफ अभियान चला रही है। आखिरकार 10 मई को फैसला मई को जनता की अदालत में होगा। उन्होंने कहा, एक लिंगायत नेता को राज्य में दूसरे लिंगायत नेता के खिलाफ खड़ा किया जा रहा है। किसी और के कंधे पर बंदूक रखकर गोली चलाई जा रही है।

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024