1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. त्रिपुरा में वोटिंग का काउंटडाउन शुरू, आज 28 लाख वोटर्स 31 महिलाओं समेत 259 उम्मीदवारों की किस्मत का करेंगे फैसला

त्रिपुरा में वोटिंग का काउंटडाउन शुरू, आज 28 लाख वोटर्स 31 महिलाओं समेत 259 उम्मीदवारों की किस्मत का करेंगे फैसला

 Published : Feb 15, 2023 09:22 pm IST,  Updated : Feb 16, 2023 06:27 am IST

त्रिपुरा में 3,337 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा, जिनमें से 1,100 की पहचान संवेदनशील और 28 की पहचान अति संवेदनशील के रूप में की गई है।

tripura election- India TV Hindi
त्रिपुरा विधानसभा चुनाव Image Source : PTI

अगरतला: त्रिपुरा में 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो जाएगी। प्रदेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) जी. किरणकुमार दिनाकरो ने बताया कि 3,337 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा, जिनमें से 1,100 की पहचान संवेदनशील और 28 की पहचान अति संवेदनशील के रूप में की गई है।

2 मार्च को आएंगे नतीजे

चुनाव में मुख्य रूप से बीजेपी-IPFT गठबंधन, माकपा-कांग्रेस गठबंधन और पूर्वोत्तर राज्य के पूर्व शाही परिवार के वंशज द्वारा गठित एक क्षेत्रीय पार्टी टिपरा मोथा हैं। वोटों की गिनती 2 मार्च को होगी। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के लिए 31,000 मतदानकर्मी और केंद्रीय बलों के 25,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य सशस्त्र पुलिस और राज्य पुलिस के 31,000 कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा।’’

tripura election
Image Source : PTIत्रिपुरा विधानसभा चुनाव

17 फरवरी की सुबह 6 बजे तक निषेधाज्ञा लागू
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एहतियाती उपायों के तहत राज्य भर में पहले ही निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और यह 17 फरवरी की सुबह 6 बजे तक लागू रहेगी। उपद्रवियों को राज्य में प्रवेश करने से रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं को भी सील कर दिया गया है। कुल मिलाकर 13.53 लाख महिलाओं सहित 28.13 लाख मतदाता 259 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे, जिनमें से 20 महिलाएं हैं।

बारडोवली से बीजेपी के उम्मीदवार हैं CM माणिक साहा
राज्य के मुख्यमंत्री माणिक साहा टाउन बारडोवली निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के उम्मीदवार हैं, जबकि केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक बीजेपी के टिकट पर धनपुर से चुनाव लड़ रही हैं। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव जितेंद्र चौधरी सबरूम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वह वाम-कांग्रेस गठबंधन का चेहरा हैं। टिपरा मोथा प्रमुख प्रद्योत देबबर्मा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। भाजपा 55 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि उसकी सहयोगी आईपीएफटी ने 6 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, एक सीट पर दोस्ताना मुकाबला होगा।

यह भी पढ़ें-

BJP से सबसे ज्यादा महिलाएं मैदान में
माकपा 47 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि उसकी गठबंधन सहयोगी कांग्रेस 13 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। टिपरा मोथा ने 42 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। तृणमूल कांग्रेस ने 28 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं जबकि 58 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। राज्य में सत्तारूढ़ बीजेपी ने सबसे ज्यादा 12 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। चुनाव प्रचार के दौरान, भाजपा ने पिछले पांच वर्षों में पूर्वोत्तर राज्य में हुए विकास पर प्रकाश डाला, वाम मोर्चा और कांग्रेस ने भाजपा-आईपीएफटी सरकार के "कुशासन" पर जोर दिया। टिपरा मोथा का चुनावी मुद्दा ग्रेटर टिपरालैंड राज्य की मांग है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024