1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. UP Elections 2022: पहले चरण की वोटिंग के बाद राकेश टिकैत ने दिया बड़ा बयान

UP Elections 2022: पहले चरण की वोटिंग के बाद राकेश टिकैत ने दिया बड़ा बयान

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 10, 2022 10:48 pm IST,  Updated : Feb 10, 2022 10:48 pm IST

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के बाद राकेश टिकैत ने चुनाव के माहौल पर बात की।

UP Elections 2022, Rakesh Tikait, Rakesh Tikait UP Elections 2022, Rakesh Tikait BJP- India TV Hindi
Farm Leader Rakesh Tikat. Image Source : PTI FILE

Highlights

  • मुजफ्फरनगर में 2013 की स्थिति अब बदल गयी है इसलिए इस बार चुनाव परिणाम कुछ अलग होंगे: टिकैत
  • राकेश टिकैत ने कहा, नया मैच पहले ही खेला जा चुका है और इसका परिणाम जल्द ही सामने आएगा।
  • राकेश टिकैत ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो रहा है और यह अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

नोएडा/मुजफ्फरनगर: किसान नेता राकेश टिकैत ने गुरुवार को कहा कि मुजफ्फरनगर में 2013 की स्थिति अब बदल गयी है और यहां शांति स्थापित हो चुकी है, इसलिए इस बार चुनाव परिणाम कुछ अलग होंगे। भारतीय किसान यूनियन (BKU) के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने 2013 में मुजफ्फरनगर जिले में भड़के साम्प्रदायिक दंगों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘2013 का परिणाम ट्रायल था। ट्रायल का स्टेडियम अब यहां ढह चुका है। जिन स्टेडियम में ये मैच खेले गये थे, वे अब ढह चुके हैं।’

‘इस बार परिणाम पहले जैसा नहीं होगा’

मुजफ्फरनगर जिले में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के बाद उन्होंने कहा, ‘पिछली स्थिति बदल चुकी है और शांति ने इसकी जगह ले ली है और इस बार परिणाम पहले जैसा नहीं होगा।’ जब उनसे पूछा गया कि आखिर वह किस ‘नये मैच’ की बात कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा, ‘नया मैच पहले ही खेला जा चुका है और इसका परिणाम जल्द ही सामने आएगा।’ टिकैत ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो रहा है और यह अपने आप में बड़ी उपलब्धि है तथा परिणाम सभी के लिए देखने लायक होगा।

58 सीटों पर गुरुवार को हुआ मतदान
बता दें कि इससे पहले टिकैत ने सांप्रदायिकता के आधार पर मतदान न करने के लिए मतदाताओं को आगाह किया था। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जिलों की 58 सीटों पर आज पहले चरण का मतदान हुआ। बीजेपी ने 2017 के विधानसभा चुनावों में इनमें से 50 से ज्यादा सीटें जीती थी। इस बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को शामली, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा तथा आगरा जिलों में मतदान सम्पन्न हुआ।

जाट बहुल क्षेत्र में डाले गए हैं वोट
पहले चरण का चुनाव जाट बहुल क्षेत्र में हो रहा है और यहां की 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों पर 60.17 प्रतिशत मतदान हुआ। कोविड प्रोटोकॉल के कारण एक घंटे के विस्तार के बाद शाम छह बजे मतदान बंद हुआ। कुछ स्थानों पर ईवीएम में मामूली तकनीकी खराबी के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024