1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. भोजपुरी
  4. दो दशकों तक भोजपुरी इंडस्ट्री पर राज करने वाले एक्टर की मौत, निरहुआ और पवन सिंह के साथ किया था काम

दो दशकों तक भोजपुरी इंडस्ट्री पर राज करने वाले एक्टर की मौत, निरहुआ और पवन सिंह के साथ किया था काम

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : May 26, 2025 11:52 am IST,  Updated : May 26, 2025 11:52 am IST

सीनियर भोजपुरी एक्टर गोपाल राय का निधन हो गया है। निरहुआ के साथ काम कर चुके एक्टर अब इस दुनिया में नहीं रहे। 76 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया है। जानें क्या थी मौत की वजह।

Gopal Rai- India TV Hindi
गोपाल राय। Image Source : INSTAGRAM

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता गोपाल राय अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने रविवार शाम को आखिरी सांस ली। एक्टर ने 76 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। अभिनेता लंबे समय से बीमार थे और उन्होंने अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली। जैसे ही यह खबर इंटरनेट पर आई, कलाकार के कई सह-कलाकारों और प्रशंसकों ने दुख व्यक्त किया। सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई। भोजपुरी इंडस्ट्री में शोक व्याप्त है। 

दो दशकों तक भोजपुरी इंडस्ट्री पर किया राज 

गोपाल राय का नाम भोजपुरी सिनेमा के उन चंद चेहरों में शामिल था, जिन्होंने इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उन्होंने अपने लंबे करियर में 200 से ज्यादा फिल्मों और टीवी शो में काम किया। चाहे खलनायक की भूमिका हो या हास्य अभिनेता की, गोपाल राय हर भूमिका में दर्शकों को प्रभावित करने में कामयाब रहे। उनकी फिल्मों की लिस्ट में 'नदिया के पार', 'गंगा किनारे मोरा गांव' और 'निरहुआ हिंदुस्तानी' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में शामिल हैं। गोपाल राय के निधन की पुष्टि फिल्म समीक्षक संजय भूषण पटियाला ने की।

पवन सिंह और निरहुआ के साथ किया काम

गोपाल राय ने इंडस्ट्री के नामचीन चेहरों के साथ काम किया, जिनमें पवन सिंह और दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' जैसे सुपरस्टार प्रमुख हैं। इन कलाकारों के साथ उनकी केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आई। उनकी एक्टिंग ने दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी है।

बीमारी के चलते फिल्मों से दूर रहे गोपाल राय

पिछले कुछ सालों से बीमार चल रहे गोपाल राय ने फिल्मों से दूरी बना ली थी और मुंबई से अपने गांव लौट आए थे। गांव में रहते हुए भी वे भोजपुरी कलाकारों से मिलते रहे। हाल ही में निरहुआ और आम्रपाली दुबे से हुई उनकी मुलाकात ने दिखा दिया कि भले ही वे एक्टिंग से दूर रहे, लेकिन इंडस्ट्री से उनका रिश्ता कभी नहीं टूटा।

अंतिम विदाई में जुटे शुभचिंतक

गोपाल राय के निधन की खबर सुनकर भोजपुरी सिनेमा से जुड़े कई नामचीन चेहरे और स्थानीय नेताओं ने शोक जताया। विधायक अशोक कुमार सिंह, गायक नीरज रवि, हास्य कलाकार संजय रजक और साहित्यकार डॉ एमके गिरी समेत कई लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bhojpuri से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन