मुंबई: कैंसर से पीडि़त 51 साल के संगीतकार आदेश श्रीवास्तव का 4 सितम्बर को देर रात निधन हो गया। आदेश पिछले करीब 40 दिनों से अंधेरी के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में कैंसर के इलाज के लिए भर्ती थे।
कोकिलाबेन अस्पताल के डा. राम नारायण ने कहा कि आदेश श्रीवास्तव का देर रात करीब साढ़े 12 बजे कोकिलाबेन अस्पताल में कैंसर के चलते निधन हो गया।
हिन्दी फिल्मों के संगीतकार-गायक आदेश श्रीवास्तव की आज दोपहर ओशिवारा शवदाहगृह में अंत्येष्टि की जाएगी। सूत्रों ने अनुसार दोपहर साढ़े 12 बजे ओशिवारा शवदाहगृह में अंत्येष्टि की होगी।
संगीतकार-गायक करीब 40 दिनों से अंधेरी के अस्पताल में भर्ती थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी विजेता पंडित और बेटे अनिवेश और अवितेश हैं। विजेता पूर्व अभिनेत्री और पूर्व संगीतकार जोड़ी जतिन-ललित की बहन हैं।
आदेश ने अपने करियर में चलते चलते, बाबुल, बागबान, कभी खुशी कभी गम और राजनीति समेत 100 से अधिक फिल्मों में संगीत दिया।
उनके प्रसिद्ध गानों में 'क्या अदा क्या जलवे तेरे पारो', 'हाथों में आ गया जो कल', 'सोणा सोणा', 'शावा शावा', 'मोरा पिया' आदि शामिल हैं।