1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड राज्यसभा चुनाव में BJP समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत, क्रॉस वोटिंग से कांग्रेस को बड़ा झटका!

झारखंड राज्यसभा चुनाव में BJP समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत, क्रॉस वोटिंग से कांग्रेस को बड़ा झटका!

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 18, 2026 05:54 pm IST,  Updated : Jun 18, 2026 11:52 pm IST

झारखंड राज्यसभा चुनाव परिणाम में BJP के लिए निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत के रूप में अच्छी खबर आई है। यहां झारखंड मुक्ति मोर्चा का भी 1 उम्मीदवार जीत गया है। क्रॉस वोटिंग की वजह से कांग्रेस प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा।

झारखंड राज्यसभा चुनाव...- India TV Hindi
झारखंड राज्यसभा चुनाव में परिमल नाथवाणी जीते। Image Source : PTI

Jharkhand Rajya Sabha Election Result: दो राज्यों में राज्यसभा की 3 सीटों के लिए आज वोटिंग हुई, जिसमें झारखंड की 2 सीट और मिजोरम की 1 सीट शामिल है। झारखंड की 2 सीटों पर 3 उम्मीदवार थे तो वहीं, मिजोरम की 1 सीट पर 2 उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी ठोंकी थी। रिजल्ट आया तो झारखंड राज्यसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा यानी JMM का 1 उम्मीदवार जीता और निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी भी विजयी हो गए हैं।

झारखंड राज्यसभा चुनाव में दिलचस्प रहा मुकाबला

सबसे दिलचस्प मुकाबला झारखंड में था, जहां JMM की ओर से बैद्यनाथ राम ने ताल ठोंकी थी। हालांकि, उनकी जीत तय थी क्योंकि JMM के पास 34 वोट थे यानी जरूरी 28 वोट से 6 वोट ज्यादा। तो वहीं टक्कर कांग्रेस के प्रणव झा और BJP समर्थित निर्दलीय परिमल नाथवानी के बीच थी। कांग्रेस के पास अपने 16 वोट थे और उसे जीत के लिए 12 वोट की जरूरत थी। ऐसे में कांग्रेस को JMM के 6 एक्स्ट्रा वोट, आरजेडी के 2 वोट और लेफ्ट के 4 वोटों के भरोसे थी। लेकिन ये वोट कांग्रेस उम्मीदवार को नहीं मिल पाए।

निशिकांत दुबे ने परिमल नाथवानी को दी जीत की बधाई

BJP सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, 'झारखंड से राज्यसभा के चुनाव में NDA समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवानी को जीत की बधाई , उन्हें कुल 28 मत मिले। कांग्रेस प्रत्याशी को केवल 20, महागठबंधन बुरी तरह हारा।'

JMM ने 31 और परिमल ने हासिल किए 28 वोट

झारखंड राज्यसभा चुनाव में JMM उम्मीदवार बैद्यनाथ राम और BJP समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी जीते गए हैं। JMM उम्मीदवार को 31 वोट मिले और परिमल नाथवानी ने 28 वोट हासिल किए। कांग्रेस उम्मीदवार जरूरी 28 वोट हासिल नहीं कर पाया।मतगणना के दौरान कुल तीन मतों को रद्द कर दिया गया, जबकि तीन मतों को होल्ड पर रखा गया है। इन मतों को लेकर चुनाव अधिकारियों की तरफ से आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

सभी 81 विधायकों ने वोटिंग में लिया हिस्सा

इससे पहले, गुरुवार को विधानसभा परिसर में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। राज्यसभा चुनाव में विधानसभा के सभी 81 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे सदन में 100 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान प्रक्रिया विधानसभा के कमरा संख्या-42 में आयोजित की गई थी। मतदान के दौरान, सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी विधायकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अंतिम मतदाता के रूप में JMM विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने अपना वोट डाला, जिसके साथ ही मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई।

विधायकों ने झारखंड के हित में वोट किया- बाबूलाल मरांडी

झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि देखिए स्वाभाविक है कि सबसे पहले तो एनडीए गठबंधन के सभी नेताओं को, विधायकों को और साथ ही उन तमाम 81 विधायकों को भी हमारी ओर से बहुत-बहुत बधाई, क्योंकि जिस प्रकार से नाथवानी को 28 वोट मिले और प्रथम ही वरीयता में जो जानकारी मिली है कि उनकी जीत सुनिश्चित हो गई। तो इससे आप समझ सकते हैं झारखंड के जो मतदाता हैं, खासकर हमारे जो विधायक हैं, काफी सुलझे हुए हैं, काफी समझदार हैं। उनको पता है कि राज्य हित में किनको वोट देने से इस राज्य के हित में होगा।

राज्यसभा की 24 सीटों पर निर्विरोध हुआ चुनाव

आपको बता दें कि राज्यसभा की 27 सीटों पर चुनाव हुए हैं, जिनमें से 24 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं। इन 24 सीटों में से बीजेपी गठबंधन ने 19 और विपक्षी दलों ने 5 सीटों पर जीत दर्ज की है। झारखंड में निर्दलीय उम्मीदवार के जीतने से NDA का आंकड़ा बढ़कर 20 हो गया है। मिजोरम में राज्यसभा चुनाव का रिजल्ट आना अभी बाकी है।

(इनपुट- मुकेश सिन्हा)

ये भी पढ़ें- उद्धव के 6 बागी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर को सौंपा पत्र, संसद में मांगी अलग जगह, शिंदे गुट में विलय की तैयारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।