मुंबई: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान के जेल से बाहर आने के बाद उनके फैंस और परिवार में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। बता दें कि 20 साल पुराने काले हिरण के शिकार के मामले में बीते गुरुवार को दबंग खान को जोधपुर की एक कोर्ट ने 5 साल जेल की सजा सुनाई थी, हालांकि बाद उन्हें बेल पर रिहा कर दिया गया। इस दौरान पूरे समय उनकी दोनों बहनें अर्पिता और अलविरा उनके साथ ही रहीं। लेकिन अब जमानत मिलने के बाद सलमान की लाडली बहन अर्पिता ने अपने भाई के लिए इमोशनल संदेश दिया है।
Related Stories
अर्पिता ने अपने भाई के लिए सकारात्मकता और खुशहाली की कामना की। वह उनके साथ जोधपुर की एक अदालत में मौजूद थीं जब सलमान को 1998 में काला हिरण का शिकार करने का दोषी पाया गया था। सलमान जोधपुर केंद्रीय जेल में 2 रातें बिताने के बाद शनिवार को मुंबई लौट आए। अर्पिता ने इंस्टाग्राम पर लिखे एक पोस्ट में कहा कि वह चाहती हैं कि सलमान खान से नकारात्मकता दूर रहे।
उन्होंने सलमान की तस्वीर के साथ लिखा, “मेरी ताकत, मेरी कमजोरी, मेरा गुरूर, मेरी खुशी, मेरी जिंदगी, मेरी दुनिया। मैं आपके लिए सकारात्मकता और खुशहाली की दुआ करती हूं और प्रार्थना करती हूं कि आप से सभी नकरात्मकता दूर रहे।“ अर्पिता ने कहा, “मैं दुआ करती हूं कि आपके अच्छे काम और आपकी शौहरत इस तरह से चमके कि लोगों की आंखें चौंधिया जाएं। लव यू भाई।“