1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. आर्यन के वकीलों को ऑर्डर कॉपी का इंतजार, आज हुई देरी तो एक रात और जेल में गुजारेंगे जूनियर खान

आर्यन के वकीलों को ऑर्डर कॉपी का इंतजार, आज हुई देरी तो एक रात और जेल में गुजारेंगे जूनियर खान

 Published : Oct 29, 2021 12:40 pm IST,  Updated : Oct 29, 2021 06:58 pm IST

हाईकोर्ट से आर्यन खान के जमानत के आदेश की प्रति मिलने के बाद, उनके वकीलों को उसे जमानतदारों सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ एनडीपीएस संबंधी मामलों की सुनवाई करने वाली एक विशेष अदालत में पेश करना होगा।

aryan khan- India TV Hindi
आर्यन के वकीलों ऑर्डर कॉपी का इंतजार Image Source : INSTAGRAM- ARYAN KHAN

मुंबई क्रूज शिप ड्रग्स मामले में गिरफ्तार आर्यन खान को बॉम्बे हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनके वकील उनकी जेल की रिहाई से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए अदालत के आदेश की कॉपी का इंतजार कर रहे हैं। हाईकोर्ट से आर्यन खान के जमानत के आदेश की प्रति मिलने के बाद, उनके वकीलों को उसे जमानतदारों सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ एनडीपीएस संबंधी मामलों की सुनवाई करने वाली एक विशेष अदालत में पेश करना होगा। विशेष अदालत इसके बाद रिहाई के दस्तावेज जारी करेगी, जिसे जेल अधीक्षक के समक्ष शाम छह बजे तक पेश करना होगा, तभी आर्यन आज रिहा हो पाएंगे। किसी भी तरह की देरी होने से आर्यन को मुंबई की आर्थर रोड जेल में एक और रात गुजारनी पड़ सकती है और फिर उन्हें शनिवार को रिहा किया जा सकता है। एनसीबी ने मुंबई के तट के पास, गोवा जा रहे एक क्रूज जहाज पर छापेमारी के बाद शाहरुख खान के बेटे आर्यन और कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने क्रूज से मादक पदार्थ जब्त करने का दावा किया है। इस मामले में आर्यन खान को बृहस्पतिवार को बॉम्बे हाईकोर्ट ने जमानत दे दी। न्यायमूर्ति एन. डब्ल्यू. साम्बरे की एकल पीठ ने मामले में सह-आरोपियों अरबाज मर्चेंट तथा मुनमुन धमेचा को भी जमानत दे दी। उच्च न्यायालय ने कहा था कि आदेश की प्रति शुक्रवार को जारी की जाएगी। आर्यन खान के वकील सतीश मानेशिंदे ने शुक्रवार को कहा कि वे जमानतदारों सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ तैयार हैं और हाईकोर्ट से आदेश की प्रति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। 

आर्यन के वकील सतीश मानशिंदे ने कहा- ''हम जमानतदारों के साथ तैयार हैं। हमें आज हाईकोर्ट के आदेश की कॉपी मिलने की उम्मीद है। उसके मिलते ही हम अन्य सभी दस्तावेजों के साथ उसे एनडीपीएस अदालत में दाखिल करेंगे।'' उन्होंने कहा कि एनडीपीएस अदालत के जमानदारों और रिहाई के अन्य दस्तावेजों से संतुष्ट होने पर दस्तावेज जेल अधिकारियों को सौंपे जाएंगे। 

मानेशिंद ने कहा, ''हम इस प्रक्रिया के शाम तक पूरा होने की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि आर्यन को जेल से रिहा करा पाएं।'' निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, यदि औपचारिकताएं (जिनमें जमानत जमा करना शामिल है) पूरी हो जाती हैं और रिहाई के कागजात जेल अधीक्षक को शाम छह बजे तक सौंप दिए जाते हैं, तो आरोपी को उसी दिन ही रिहा कर दिया जाता है। आर्यन को तीन अक्टूबर को एनडीपीएस कानून के तहत, मादक पदार्थ रखने, उनका इस्तेमाल करने और तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। आर्यन और मर्चेंट आठ अक्टूबर से आर्थन रोड जेल में बंद हैं। वहीं, धमेचा भायखला महिला कारागार में आठ अक्टूबर से बंद हैं। 

Latest Bollywood News

Related Video
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन