वाराणसी: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'मणिकर्णिका-द क्वीन ऑफ झांसी' को लेकर काफी चर्चा में बनी हुई हैं। इस फिल्म में वह झांसी की रानी का किरदार निभती हुई नजर आ रही हैं। अब तक के अपने फिल्म करियर में कंगना कई बेहतरीन किरदारो को बखूबी पर्दे पर निभा चुकी हैं। लेकिन अब वह निर्देशन क्षेत्र में भी हाथ आजमाना चाहती हैं और उनका कहना है कि उनकी पहली निर्देशित फिल्म कॉमेडी होगी। कंगना वाराणसी में अपनी आगामी फिल्म 'मणिकर्णिका-द क्वीन ऑफ झांसी' के पोस्टर के लॉन्च और फिल्म की रिलीज की तारीख की घोषणा के मौके पर आईं थीं।
कंगना ने कहा कि वह अपने करियर के अगले चरण में जाना चाहती हैं। यह चरण फिल्मों को निर्देशित करने का है। कंगना ने संवाददाताओं से कहा, "मैं अपने अगले चरण में जाना चाहती हूं, जिसका मतलब है कि मैं अपने करियर में खुद को फिल्म निर्देशक के तौर पर स्थापित करने पर ध्यान दूंगी और यदि मैं अभिनय करती हूं तो मैं अपनी फिल्मों में भी अभिनय करूंगी।"
कंगना से जब पूछा गया कि वह कब अपनी फिल्म का निर्देशन शुरू करेंगी, तो उन्होंने कहा, "मणिकर्णिका के बाद मैं अपनी फिल्म का निर्देशन करूंगी।" फिल्म की शैली के बारे में 'रंगून' फिल्म की अभिनेत्री ने कहा कि यह कॉमेडी फिल्म होगी। कंगना अपनी अगली फिल्म 'सिमरन' के साथ बतौर लेखिका भी शुरुआत करने जा रही हैं। ...तो इसलिए कंगना रनौत बनीं ‘रानी लक्ष्मीबाई’