मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और भाजपा सांसद परेश रावल इंडस्ट्री में एक लंबा सफर तय कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने हर तरह की भूमिका को पर्दे पर उतारा है। वहीं दर्शकों ने भी परेश को हर रूप में पसंद किया है। लेकिन हाल ही में परेश रावल ने अपनी सफलता का श्रेय बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान और उनके लेखक पिता सलीम खान को दिया है। उन्होंने पहली व्यावसायिक हिट 'नाम' के लिए लेखक सलीम खान और 'टाइगर जिंदा है' जैसी बड़ी हिट फिल्म के लिए सलमान को श्रेय दिया।
Related Stories
बता दें कि परेश रावल फिल्मकार अली अब्बास जफर के निर्देशन में बनी फिल्म 'टाइगर जिंदा है' में अहम भूमिका निभाते हुए नजर आए थे। उन्होंने फिल्म में फिरदौज नाम के अंडरवल्र्ड एजेंट का किरदार अदा किया था। परेश ने गुरुवार रात ट्वीट कर कहा, "पिता सलीम खान साहब ने मुझे मेरे करियर की पहली व्यवसायिक हिट ('नाम') दी और बेटे सलमान खान ने मुझे अब तक की सबसे बड़ी हिट ('टाइगर जिंदा है') दी।"
यशराज फिल्मस द्वारा निर्मित 'टाइगर जिंदा है' में सलमान और परेश के अलावा कैटरीना कैफ भी प्रमुख भूमिका में नजर आई हैं। इस फिल्म ने 300 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की कमाई की है।