नई दिल्ली: बाहुबली 2 की जबरदस्त सफलता के बाद कई बॉलीवुड डायरेक्टर प्रभास को लीड रोल में लेना चाहते हैं, लेकिन अभी तक बात नहीं बन पाई। पहले करण जौहर ने प्रभास को अपनी फिल्म का ऑफर दिया था, लेकिन उस वक्त प्रभास ने 20 करोड़ रुपये मांगे जिसकी वजह से बात नहीं बन पाई। प्रभास ने करण जौहर की फिल्म में काम करने से मना कर दिया, जिसके बाद करण जौहर थोड़े हर्ट भी हुए थे और उन्होंने ट्विटर पर प्रभास को लेकर एक तंज भरा ट्वीट भी किया था।
Related Stories
अब खबरें आई हैं कि करण जौहर ने पुरानी बातें भुलाकर दूसरी बार प्रभास को अपनी फिल्म में लीड रोल करने का ऑफर दिया। लेकिन दूसरी बार भी प्रभास ने करण जौहर का ऑफर ठुकरा दिया। इस बार वजह पैसा नहीं है बल्कि प्रभास का बिजी शेड्यूल है। प्रभास इन दिनों साहो की शूटिंग कर रहे हैं, और उनके पास डेट्स नहीं हैं। लिहाजा उन्होंने करण को फिर से ना कह दिया।
प्रभास जिस वक्त बाहुबली सीरीज पर काम कर रहे थे उस वक्त भी उन्होंने दूसरी फिल्म साइन नहीं की। क्योंकि वो पूरा ध्यान सिर्फ बाहुबली पर लगाना चाहते थे।
साहो प्रभास के लिए काफी बड़ी फिल्म है, क्योंकि बाहुबली सीरीज के बाद यह उनकी पहली फिल्म है। लोगों की उम्मीदें उनसे काफी बढ़ गई हैं। बता दें, इस फिल्म में प्रभास के साथ लीड रोल में बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर नजर आएंगी।