मुंबई: बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकरा उर्मिला मातोंडकर लंबे वक्त के बाद एक बार फिर से पर्दे पर वापसी कर रही हैं। दरअसल वह इरफान के अभिनय से सजी आगामी फिल्म 'ब्लैकमेल' में एक आइटम नंबर करती हुई दिखाई देंगी। हाल ही में उनका यह गाना भी रिलीज कर दिया है। लेकिन इसी के साथ अब फिल्म के निर्देशक अभिनय देओ ने इस गाने में उर्मिला को चुनने की वजह भी बचाई है। उनका कहना है कि उन्हें इस गाने के लिए किसी 'आइटम गर्ल' की तलाश नहीं थी। गौरतलब है कि बाल कलाकार के रूप में करियर की शुरुआत करने वालीं उर्मिला कुछ समय से पर्दे से दूर थीं, लेकिन अब वह गाने 'बेवफा ब्यूटी' में दिखेंगी।
Related Stories
इसकी पहली झलक गुरुवार को जारी हुई। उर्मिला को इस गाने में इसलिए लिया गया है क्योंकि देओ इसके जरिए ऐसे ही पुरानी गीतों को पुनर्जीवित करना चाहते थे। उन्होंने कहा, "पहली बात, उर्मिला एक बड़ी स्टार है, वह आइटम गर्ल नहीं है। हम इस गीत के लिए किसी आइटम गर्ल की तलाश नहीं कर रहे थे। हम एक कलाकार चाहते थे, जिसकी दर्शकों के मन में अपार स्टार वैल्यू हो। हम साथ ही कोई ऐसी अभिनेत्री चाहते थे जो कुछ समय से पर्दे से दूर हो।"
उन्होंने कहा, "हमारे सामने जो भी नाम आए उनमें से सबसे बेहतरीन और श्रेष्ठ नाम हमें उर्मिला का लगा। वह इसके लिए पूरी तरह फिट हैं, खूबसूरत हैं और एक अविश्वसनीय नर्तकी हैं- गाने और फिल्म के लिए बिल्कुल उपयुक्त हैं।" गौरतलब है कि 'ब्लैकमेल' 6 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।