1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 2025 की फिल्म के लिए डायरेक्टर ने दांव पर लगाया घर, गिरवी रखे पत्नी के गहने, बिना हीरो-हीरोइन दी 'सैयारा' को टक्कर

2025 की फिल्म के लिए डायरेक्टर ने दांव पर लगाया घर, गिरवी रखे पत्नी के गहने, बिना हीरो-हीरोइन दी 'सैयारा' को टक्कर

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jan 04, 2026 01:31 pm IST,  Updated : Jan 04, 2026 01:31 pm IST

2025 में कुछ ऐसी फिल्में रिलीज हुईं, जिन्हें दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। आज हम आपको इन्हीं में से एक फिल्म के बारे में बताते हैं, जिसके लिए फिल्म के डायरेक्टर ने अपना घर और पत्नी के गहने तक गिरवी रख दिए थे।

mahavtar narsimha- India TV Hindi
महावतार नरसिम्हा। Image Source : SCREEN GRAB YOUTUBE NETFLIX INDIA

2025 में कुछ ऐसी फिल्में रिलीज हुईं, जिन्होंने दर्शकों को ही नहीं पूरी इंडस्ट्री को हैरानी में डाल दिया। 'सैयारा', 'धुरंधर' जैसी फिल्मों को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। लेकिन, इसी बीच एक और फिल्म की खूब चर्चा रही, जिसमें ना तो कोई हीरो था और ना ही हीरोइन, इसके बाद भी इस फिल्म ने छप्परफाड़ कमाई की। हालांकि, इस फिल्म को बनाने से पहले फिल्म के डायरेक्टर को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हम बात कर रहे हैं 2025 में रिलीज हुई एनिमेटेड फिल्म 'महावतार नरसिम्हा' की, जो 25 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और दर्शकों से इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था।

सालों बाद हुआ ये कमाल

'महावतार नरसिम्हा' की सबसे बड़ी खासियत की बात करें तो ये बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को खूब पसंद आई और सालों बाद ऐसा हुआ था कि कोई एनिमेटेड फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई हो और उसे इतना शानदार रिस्पॉन्स मिला हो। भगवान विष्णु के नरसिम्हा अवतार पर बनी ये फिल्म दर्शकों के दिल और दिमाग पर ऐसी छाई कि देखते सिनेमाघरों के बाहर दर्शकों की कतार लग गई थी। लेकिन क्या आप जानते हैं इस फिल्म को बनाने के लिए डायरेक्टर अश्विन कुमार ने अपना घर तक दांव पर लगा दिया था?

'सैयारा' से ली टक्कर

'महावतार नरसिम्हा' ऐसे समय पर रिलीज हुई थी, जब सिनेमाघरों में अहान पांडे और अनीत पड्डा स्टारर 'सैयारा' की धूम थी। बॉक्स ऑफिस पर 'सैयारा' की आंधी के बीच रिलीज होने के बाद भी ये फिल्म 300 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन करने में सफल रही, जबकि इस फिल्म का बजट सिर्फ 40 करोड़ था। यही वजह है कि इस फिल्म की सफलता ने सबको चौंका दिया था। इसी के साथ इस फिल्म ने कमाई के मामले में 'मुफासा द लॉयन किंग' को भी पीछे छोड़ दिया था। 

फिल्म बनाने में लगे पांच साल

फिल्म के डायरेक्टर अश्विन कुमार ने हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में इस फिल्म को बनाने में अपने संघर्षों पर बात की थी और खुलासा किया था कि उन्हें इस फिल्म को बनाने में पांच साल का समय लगा। इस बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा था- 'ये सपने जैसा था। जब हम कहते थे कि फिल्म बड़ी सफलता हासिल करेगी, तब कोई विश्वास नहीं करता था। ये फिल्म हमने 40 करोड़ में बनाई और कुछ सीन पर ज्यादा मेहनत और पैसे लगाए, क्योंकि बजट की कुछ सीमाएं थीं।' बातचीत के दौरान अश्विन कुमार ने ये भी खुलासा किया था कि ये फिल्म उनके लिए बेहद खास थी, क्योंकि वह इसके लिए अपना सब कुछ दांव पर लगा चुके थे। उन्होंने इसे बनाने के लिए अपनी पत्नी के गहने और घर तक गिरवी रख दिया था।

ये भी पढ़ेंः 'धुरंधर' एक्ट्रेस सारा अर्जुन ने किसके आगे झुकाया सिर? शेयर किया लंबा-चौड़ा पोस्ट, लिखा- 'आपके सामने नतमस्तक हूं'

बर्फीली वादियों में पटौदी सिबलिंग्स की मस्ती, सारा ने इब्राहिम के कंधे पर बैठकर दिए पोज, विंटर फैशन से लगाई आग

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन