अविनाश तिवारी और मेधा शंकर अपनी आने वाली फिल्म 'गिन्नी वेड्स सनी 2' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया है। इसके लॉन्च इवेंट में कास्ट के अलावा मशहूर एक्टर सुधीर पांडे भी वहां मौजूद थे, जिनका नाम सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इस इवेंट के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें से एक सुधीर पांडे का है। इस में देखने को मिलता है कि स्टेज पर नजरअंदाज होने के बाद एक्टर बिना किसी को कुछ बोले वहां से चले जाते हैं। उनके साथ ऐसा व्यवहार देखकर यूजर्स को बहुत बुरा लगा और वे फिल्म की टीम से नाराज हो रहे हैं।
सुधीर पांडे को अनदेखा करने पर भड़के नेटिजन्स
सोशल मीडिया पर सुधीर पांडे का एक वीडियो सामने आया है, जिसे शेयर कर नेटिजन्स ने दावा किया है कि सुधीर पांडे को ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अनदेखा किया गया है। वह स्टेज पर अविनाश तिवारी, मेधा शंकर और बाकी टीम के लोगों के साथ खड़े नजर आ रहे थे, लेकिन उन पर किसी का ध्यान तक नहीं गया। इसके बाद सुधीर को स्टेज से नीचे जाते हुए देखा गया। यह वीडियो देख यूजर्स भड़के हुए हैं और सुधीर पांडे जैसे दिग्गज कलाकार के लिए दुख जता रहे हैं।
सुधीर पांडे का वीडियो देख यूजर्स हुए दुखी
'गिन्नी वेड्स सनी 2' के ट्रेलर लॉन्च के इस वीडियो को X पर शेयर कर नेटिजन्स अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर खूब शेयर किया जा रहा है। एक यूजर ने वीडियो शेयर कर लिखा, 'इसी तरह राकेश बेदी को भी कई सालों तक नजरअंदाज किया गया, लेकिन धुरंधर के बाद अब हर कोई उनका इंटरव्यू लेना चाहता है।'
दूसरे यूजर ने लिखा, 'किसी ने भी दिग्गज अभिनेता पर ध्यान नहीं दिया... किसी को परवाह नहीं थी... इसलिए वे चुपचाप मंच से चले गए।' ऐसे कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
सुधीर पांडे कौन हैं?
सुधीर पांडे एक भारतीय अभिनेता हैं, जो हिंदी फिल्मों, टेलीविजन और थिएटर में अपने काम के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने चार दशकों से अधिक के करियर में 'शक्ति', 'गुरु' और 'ससुराल गेंदा फूल' जैसे लोकप्रिय शो में पिता, चाचा और सपोर्टिंग रोल प्ले कर अपनी पहचान बनाई। फिल्म 'टॉयलेट: एक प्रेम कथा' में सुधीर पांडे ने अक्षय कुमार के ऑन स्क्रीन पिता का किरदार निभाया था।
ये भी पढ़ें-
Bigg Boss Marathi 6 को मिले टॉप 5 फाइनलिस्ट, किसके हाथ लगेगी ट्रॉफी? कब और कहां देख सकते हैं फिनाले