मशहूर कन्नड़ एक्ट्रेस कृषि थापंडा हाल ही में अपने बिजनेसमैन दोस्त वैशाक की मौत के बाद चर्चा में आ गईं। अभिनेत्री के दोस्त ने उनके बेंगलुरु के एआर नगर स्थित उनके अपार्टमेंट में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली, जिसके चलते तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है, लेकिन सोशल मीडिया पर शांति नहीं है। वैशाक की मौत को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं, लोग जानना चाहते हैं कि आखिर उन्होंने ये कदम क्यों उठाया। इन तमाम चर्चाओं के बीच पहली बार कृषि थापंडा ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है। एक्ट्रेस ने एक पोस्ट साझा करते हुए अपने दोस्त वैशाक की मौत और इसे लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी है।
वैशाक की मौत से सदमे में कृषि
कृषि थापंडा ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने अपने दोस्त की मौत पर अपना दुख जाहिर किया है। अपने पोस्ट में कृषि ने लिखा- 'मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे इस तरह ऐसा कुछ लिखना पड़ेगा वो भी ऐसे समय में। जो काम मैं सबसे आखिरी में करना चाहती थी, वह था सार्वजनिक बयान। लेकिन, मुझे ऐसा करना पड़ रहा है क्योंकि मुझ पर मेरे दोस्तों और परिवार का बहुत दबाव है। लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं और सवाल पूछे जा रहे हैं। जब हम एक ऐसे नुकसान से गुजर रहे हैं, जिसकी हमने कभी कल्पना भी नहीं की थी, हमसे उम्मीद जताई जा रही है कि हम सफाई दें। पिछले कुछ दिनों में मेरी जिंदगी कुछ ऐसे बदल गई, जिसकी मैंने कल्पना भी नहीं की थी।'
मैंने अपने सबसे करीबी व्यक्ति को खो दिया- कृषि थापंडा
एक्ट्रेस ने अपने पोस्ट में आगे लिखा- 'मेरे पास इसे लिखने या इसे दुनिया के सामने लाने की न तो हिम्मत है और न ही मानसिक शक्ति। पिछले दिनों जो कुछ भी हुआ है, उसमें मैंने एक ऐसे इंसान को भी खो दिया है जो मेरे दिल के बहुत करीब था। एक ऐसा इंसान जिसने हमेशा मेरा साथ दिया, मेरी रक्षा की और मेरी पूरे दिल से परवाह की। उसे खोने से मेरी जिंदगी में जो खालीपन आया है, उसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकती। मुझे नहीं पता कि मैं इस नुकसान को कभी स्वीकार कर भी पाऊंगी या नहीं।'
लगातार लगाई जा रही हैं अटकलें- कृषि
कृषि ने अपने पोस्ट में आगे लिखा- 'मैं लंबे समय से दर्द से गुजर रही हूं और अब मैं एक और ऐसे नुकसान का दुख झेल रहा हूं जिसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। जिस चीज ने इसे और भी मुश्किल बना दिया है वो ये है कि मुझे इस पर रोने तक का समय नहीं मिला। जब उनका परिवार, दोस्त और चाहने वाले एक ऐसे नुकसान से उबरने की कोशिश कर रहे हैं जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती, तब लगातार इसे लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं और किसी की मौत को एक कहानी में बदलने की कोशिश की जा रही है। जो भी लोग मेरे लिए प्रार्थना कर रहे हैं, मेरा हाल जानने की कोशिश कर रहे हैं, आप सबकी दयालुता के लिए धन्यवाद। मैं दोस्तों और परिवार से घिरी हूं और जो भी थोड़ी-बहुत ताकत बची है, उसके जरिए जो कुछ हुआ उससे उबरने की कोशिश कर रही हूं।'
प्राइवेसी की रिक्वेस्ट
कृषि थापंडा ने अपने पोस्ट में लिखा- 'एक परिवार ने अपना बेटा खो दिया है। दोस्त हैं जिन्होंने किसी ऐसे व्यक्ति को खो दिया है जिसे वे शब्दों से कहीं अधिक प्यार करते थे। ऐसे कई लोग हैं, जो इस दुख से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए कृपया हमें शांति से शोक मनाने के लिए प्राइवेसी दें। मानसिक स्वास्थ्य नाजुक होता है। दुख भी नाज़ुक होता है। अगर आप किसी को खुशी नहीं दे सकते तो उसके दुख का भी कारण न बनें और कम से कम किसी के उम्मीद खोने की वजह न बनें। कृपया इसे बंद कर दें।'
ये भी पढ़ेंः लिमिट भूले 84 साल के डायरेक्टर के राघवेंद्र राव! एक्ट्रेस की बांह पकड़कर खींचा, वीडियो देखकर तिलमिलाए लोग