अजय देवगन अब अपनी नई कॉमेडी-ड्रामा 'धमाल 4' को लेकर चर्चा में हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर शुरुआती तीन दिन सच में धमाल मचाती दिखी। फिल्म बिना किसी शोर-शराबे और बिना किसी प्रमोशन के 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और पहले ही दिन 14 करोड़ कमा लिए। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने डबल डिजिट में शुरुआत की और दूसरे दिन इसने रफ्तार पकड़ ली। लेकिन, जैसे ही पहला सोमवार आया, अजय देवगन की फिल्म का गणित पूरी तरह से बदल गया। 14 करोड़ से ओपनिंग करने वाली ये फिल्म चौथे दिन सीधे 8.35 करोड़ पर आ पहुंची। चलिए जानते हैं कि अब तक 'धमाल 4' कितना कलेक्शन कर चुकी है।
धमाल 4 का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
'धमाल 4' की बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत की बात करें तो ये शानदार रही। ओपनिंग डे पर यानी 10 जुलाई को फिल्म ने 14 करोड़ का कलेक्शन किया और दूसरे दिन यानी पहले शनिवार को इसकी कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। शनिवार को फिल्म ने 22.50 करोड़ का कलेक्शन किया और रविवार को ये कमाई बढ़कर 28.50 करोड़ पर पहुंच गई। लेकिन, पहला सोमवार आते ही 'धमाल 4' की कमाई सीधे नीचे आ गई। पहले सोमवार को इसने 8.35 करोड़ का ही कलेक्शन किया। फिल्म के टोटल कलेक्शन की बात करें तो इंडिया में इसका नेट कलेक्शन 73.35 करोड़ और ग्रॉस कलेक्शन 87.85 करोड़ हो गया है।
वर्ल्डवाइड 100 करोड़ पार पहुंचा धमाल 4 का कलेक्शन
धमाल 4 के वर्ल्डवाइड कलेक्शन पर नजर डाली जाए तो विदेशों में ये फिल्म अब तक 14.50 करोड़ कमा चुकी है और इसी के साथ फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 102.35 करोड़ पहुंच गया है। फिल्म भले ही सोमवार को तगड़ी कमाई नहीं कर पाई हो, लेकिन सोमवार होने के चलते इसे कम भी नहीं माना जा रहा, क्योंकि अब भी कमाई 10 करोड़ के कलेक्शन से बस कुछ कदम ही दूर थी।
धमाल 4 के बारे में
धमाल 4 के बारे में बात करें तो ये सुपरहिट फ्रेंचाइजी 'धमाल' की चौथी किस्त है। इससे पहले इस फ्रेंचाइजी की तीन फिल्में रिलीज हो चुकी हैं। जिनमें से पहली फिल्म 'धमाल' 2007 में, डबल धमाल 2011 में और टोटल धमाल 2019 में रिलीज हुई थीं। अब 7 साल बाद इस सुपरहिट फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म रिलीज हुई है, जिसमें अजय देवगन के साथ अरशद वारसी, रितेश देशमुख, रवि किशन, संजय मिश्रा, जावेद जाफरी, उपेंद्र लिमये, अंजलि आनंद और संजीदा शेख जैसे कलाकार अहम भूमिका में हैं।
ये भी पढ़ेंः अजय देवगन के बेटे युग बनेंगे हीरो? शुरू कर दी कड़ी मेहनत, 15 की उम्र में बनाए डोले-शोले, देखकर काजोल भी हुईं हैरान