संध्या थिएटर में मची भगदड़ के मामले में समन जारी होने के बाद एक्टर अल्लू अर्जुन नामपल्ली कोर्ट में वर्चुअली (ऑनलाइन) पेश होने वाले हैं। एक्टर की लीगल टीम के अनुसार कोर्ट ने अल्लू अर्जुन को सोमवार 22 जून को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए कहा था। हालांकि मुंबई में चल रही अपनी फिल्म की शूटिंग का हवाला देते हुए एक्टर ने सुनवाई में वर्चुअली शामिल होने की अनुमति मांगी।
वर्चुअली पेश होंगे अल्लू अर्जुन
उनकी लीगल टीम ने कहा, 'कोर्ट द्वारा आज व्यक्तिगत रूप से पेश होने का समन जारी किए जाने के बाद वह नामपल्ली कोर्ट में वर्चुअली पेश होंगे। अल्लू अर्जुन ने मुंबई में चल रही अपनी फिल्म की शूटिंग का हवाला देते हुए अनुमति मांगी थी।' चिक्कडपल्ली पुलिस ने एक्टर को आरोपी नंबर 11 (A11) बनाया है, जबकि संध्या थिएटर के मैनेजमेंट को आरोपी नंबर 1 से 10 के तौर पर लिस्ट किया गया है। नामपल्ली कोर्ट ने 19 आरोपियों को समन जारी किया है और पुलिस ने इस घटना के संबंध में 23 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।
4 दिसंबर 2024 को हुआ था हादसा
यह भगदड़ 4 दिसंबर, 2024 को हैदराबाद के संध्या थिएटर में 'पुष्पा 2' के एक स्पेशल बेनिफिट शो के दौरान हुई थी। इस घटना में रेवती नाम की एक महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा श्री तेजा गंभीर रूप से घायल हो गया। भगदड़ तब मची जब फिल्म के प्रीमियर के दौरान एक्टर की एक झलक पाने के लिए थिएटर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। जैसे ही अल्लू अर्जुन ने अपनी कार की सनरूफ से फैंस का अभिवादन किया, स्थिति तेजी से बेकाबू हो गई। इस अफरातफरी के दौरान, दुखद रूप से रेवती की मौत हो गई और उनका बेटा श्री तेजा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पीड़ित परिवार की मदद के लिए अर्जुन ने आर्थिक सहायता भी दी। उनके पिता फिल्म प्रोड्यूसर अल्लू अरविंद ने रेवती के परिवार को 2 करोड़ रुपये की मदद देने की घोषणा की जिनकी इस घटना में दुखद मौत हो गई थी।