70 के दशक में 'जंजीर' और 'दीवार' जैसी फिल्मों ने अमिताभ बच्चन को बॉलीवुड का नया सुपरस्टार बनाकर उभारा और एंग्री यंग मैन की छवि दी। इस दौरान सिर्फ अमिताभ बच्चन के अंदाज की ही नहीं दर्शकों के बीच उनकी हेयर स्टाइल का भी जबरदस्त क्रेज था। लेकिन, क्या आप जानते हैं अमिताभ बच्चन को ये हेयरस्टाइल उन दिनों किसने दिया था? ये हेयरस्टाइलिस्ट कोई और नहीं जाने-माने हेयरस्टाइलिस्ट आलिम हकीम के पिता हकीम कैरानवी थे, जो 70 के दशक के टॉप हेयर स्टाइलिस्ट थे और इंडस्ट्री में उनका जलवा हुआ करता था। हकीम कैरानवी ने अमिताभ बच्चन को उन दिनों कई फिल्मों में नायाब हेयर स्टाइल दी और एक दिन उन्हीं के बाल काटते-काटते उनकी जान भी चली गई। इस बात का खुलासा खुद आलिम हकीम ने किया है।
आलिम हकीम ने शेयर कीं पिता की सुनहरी यादें
आलिम हकीम ने हाल ही में 'स्क्रीन' से बातचीत में अमिताभ बच्चन और अपने पिता के एसोसिएशन के बारे में बात की। उन्होंने कहा- 'मेरे पिता ने अमिताभ बच्चन की पहली फिल्म के साथ काम शुरू किया था। 'सात हिंदुस्तानी' के बाद उन्हें तमाम स्टाइल मेरे पिताजी ने ही दी थी। 'रेशमा और शेरा' उनकी दूसरी फिल्म थी और इसमें सुनील दत्त साहब थे, जो उन दिनों मेरे पिताजी के क्लाइंट हुआ करते थे। दत्त साहब ने ही मेरे पिता जी और अमिताभ जी की मुलाकात कराई थी।'
आलिम हकीम के पिता थे पॉपुलर हेयर स्टाइलिस्ट
आलिम हकीम आगे कहते हैं- 'अमिताभ जी के साथ मेरे पिता का कोलैबोरेशन उनकी आखिरी सांस तक चला। जंजीर, शोले, डॉन, दीवार, अमर अकबर एंथनी सहित कई फिल्मों में आप जितनी भी पॉपुलर हेयर स्टाइल देखते हैं, उनके पीछे मेरे पिता का ही हाथ था।' इसी के साथ आलिम हकीम ने बताया कि कैसे जब उनके पिता हकीम कैरानवी अमिताभ बच्चन के बाल काट रहे थे, उसी दौरान उनकी मौत हुई थी। ये तब हुआ, जब मैसूर में बिग बी 'मर्द' की शूटिंग कर रहे थे।
अमिताभ बच्चन के बाल काटते समय गई जान
आलिम हकीम ने अपने पिता की यादें शेयर करते हुए कहा- 'मेरे पिता का निधन भी बाल काटते समय ही हुआ था। उनकी जिंदगी का आखिरी हेयरकट भी अमिताभ जी का ही थी। वह उनके बाल काट रहे थे, उसी समय उन्हें हार्ट अटैक आया। वह उन दिनों मैसूर में थे और मर्द की शूटिंग कर रहे थे। वह अमित जी के बाल काट रहे थे, तभी उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई और अगले ही दिन उनका निधन हो गया। उस दौरान उनकी उम्र सिर्फ 39 साल थी।'
कई बड़े स्टार्स को दिया हेयरकट
आलिम हकीम के पिता 70 के दशक के टॉप हेयर आर्टिस्ट थे और उस दौर में उन्होंने कई बड़े स्टार्स के साथ काम किया था। उनके क्लाइंट्स में जीतेंद्र, सुनील दत्त, दिलीप कुमार और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे स्टार्स के नाम शामिल हुआ करते थे। उन्होंने सिर्फ इंडियन ही नहीं, इंटरनेशनल स्टार्स के साथ भी काम किया। जब भी कोई इंटरनेशनल स्टार भारत आता हकीम कैरानवी से ही बाल कटवाते, चाहे फिर वे मोहम्मद अली हों, रिचर्ड हैरिस या फिर ब्रूस ली।
ये भी पढ़ेंः सनी देओल की गदर का काजी, स्पॉट बॉय से बना खूंखार विलेन, 150 फिल्में करके छोड़ी इंडस्ट्री, बना 5 वक्त का नमाजी
सतीश शाह के निधन से बॉलीवुड में पसरा मातम, सेलेब्स की आंखें हुईं नम, पीएम मोदी ने भी दी श्रद्धांजलि