अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा अब अपनी अपकमिंग फिल्म 'इक्कीस' को लेकर सुर्खियों में हैं, जो नए साल के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। अगस्त्य नंदा की फिल्म 1 जनवरी 2026 को रिलीज होगी, जिसमें उनके साथ अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया और दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र होंगे। इस बीच अगस्त्य नंदा ने अपने नाना और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के क्विज बेस्ड रियेलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति 17' में शिरकत की। अगस्त्य अपनी वॉर ड्रामा 'इक्कीस' को प्रमोट करने शो में पहुंचे, जिसमें वह परमवीर चक्र प्राप्त करने वाले सबसे कम उम्र के सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की भूमिका में दिखाई देंगे। शो के दौरान बिग बी ने अगस्त्य से कुछ ऐसा पूछ लिया, जिसका जवाब देने में उनकी हालत खराब हो गई।
अगस्त्य से पूछा गया मुश्किल सवाल
कौन बनेगा करोड़पति 17 का ये एपिसोड फैमिली अफेयर होने वाला है, जिसमें अगस्त्य के साथ उनकी मां श्वेता बच्चन और बहन नव्या नवेली नंदा भी नजर आएंगी। शो के दौरान अगस्त्य हॉट सीट पर बैठते हैं, ऑडियंस में से एक को उनसे सवाल पूछने का मौका मिलता है। इस दर्शक ने अगस्त्य से पूछा- 'अगस्त्य से मेरा सवाल है कि उनका फेवरेट कौन है... नाना या नानी?'
जवाब देने में खराब हुई अगस्त्य की हालत
दर्शक द्वारा पूछे गए इस सवाल पर अमिताभ बच्चन के नाती अटक गए। उन्होंने दर्शक से कहा- 'बहुत मुश्किल है ये... नहीं-नहीं, अगला सवाल।' इस पर अमिताभ बच्चन कहते हैं- 'नहीं, नहीं... बोलने दीजिए, हम भी जानना चाहते हैं।' अगस्त्य को जवाब देने में हो रही हिचकिचाहट को देखते हुए 'इक्कीस' के उनके को-स्टार हंस पड़े और उनकी टांग खींचते हुए कहते हैं- 'अगर वैनिटी में जाकर पिटना है तो नानी का नाम ले लो... और अगर घर जा के पिटना है तो नाना का नाम ले लो।'
अगस्त्य की फिल्म देखकर इमोशनल हुए अमिताभ बच्चन
अमिताभ बच्चन ने मंगलवार को ही अगस्त्य नंदा की फिल्म इक्कीस पर अपना रिव्यू शेयर किया था। उन्होंने अपने ब्लॉग में इस फिल्म और अपने इमोशन्स के बारे में बताया। उन्होंने इसमें लिखा- 'जब अगस्त्य को 'इक्कीस' में देखा, भावनाएं बह निकलीं... वो समय याद आ गया जब उनकी मां, श्वेता प्रसव पीड़ा में थीं और उन्हें ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल ले जाया जा रहा था... उसका जन्म... कुछ घंटों बाद उसे गोद में लेना और फिर उसकी आंखों के रंग पर चर्चा करना, कि क्या उसकी आंखें नीली हैं? फिर उसका बड़ा होना... एक्टर बनने का उसका निजी फैसला और अब आज रात उसे पर्दे पर देखना, हर बार जब वो किसी फ्रेम में होता है तो मैं उस पर से अपनी नजरें नहीं हटा पाता।' अपने ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने अगस्त्य को एक मैच्योर एक्टर बताते हुए उनकी जमकर तारीफ की और साथ ही साथ ये भी लिखा कि वह उनके नाना के तौर पर नहीं बल्कि एक सिनेमा लवर के तौर पर ये बातें कह रहे हैं।
ये भी पढ़ेंः यहां ब्लॉकबस्टर हुई 'धुरंधर' वहां रणवीर ने 'डॉन 3' को मारी ठोकर! क्यों छोड़ी सुपरहिट फ्रेंचाइजी? सामने आई ये वजह
रणबीर कपूर से है अनिल कपूर का खून का रिश्ता? जानें क्या है दोनों का रिलेशन