1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 6 बच्चे और 13 नाती-पोते, धर्मेंद्र का खुशहाल परिवार, कोई सुपरस्टार तो कोई पर्दे से दूर, जानें कौन क्या करता है

6 बच्चे और 13 नाती-पोते, धर्मेंद्र का खुशहाल परिवार, कोई सुपरस्टार तो कोई पर्दे से दूर, जानें कौन क्या करता है

 Written By: Priya Shukla
 Published : Nov 11, 2025 12:43 pm IST,  Updated : Nov 11, 2025 12:43 pm IST

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र न सिर्फ अपनी फिल्मों के लिए, बल्कि अपनी निजी जिंदगी के कारण भी अक्सर सुर्खियों में रहे हैं। 89 साल के धर्मेंद्र को खराब सेहत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां ही-मैन का परिवार भी मौजूद है। बच्चों से लेकर नाती-पोते तक, सभी उनका हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।

Dharmendra- India TV Hindi
धर्मेंद्र और उनका परिवार। Image Source : INSTAGRAM/@IMESHADEOL/@IAMBOBBYDEOL

बॉलीवुड में कई सितारों ने एक से अधिक शादियां की हैं, लेकिन उनमें से एक सुपरस्टार ऐसे हैं, जिनकी शादी आज भी चर्चा का विषय बनी रहती है। हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र की। अपनी जबरदस्त लोकप्रियता के साथ-साथ वे अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में रहे हैं। धर्मेंद्र ने दो शादियां की हैं — पहली प्रकाश कौर से और दूसरी बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी से। हेमा मालिनी से उनकी शादी उस समय काफी विवादों में रही थी। लेकिन क्या आप जानते हैं कि धर्मेंद्र का परिवार कितना बड़ा है और उनके परिवार के सदस्य क्या करते हैं? आइए जानते हैं धर्मेंद्र के इस भरे-पूरे परिवार के बारे में विस्तार से।

प्रकाश कौर से शादी

धर्मेंद्र के परिवार के अधिकतर सदस्य किसी न किसी रूप में बॉलीवुड से जुड़े रहे हैं। साल 1954 में उन्होंने प्रकाश कौर से शादी की थी। उस समय धर्मेंद्र मात्र 19 वर्ष के थे। इस शादी से उन्हें चार बच्चे हुए — अजय सिंह देओल (सनी देओल), विजय सिंह देओल (बॉबी देओल), विजेता देओल और अजीता देओल। सनी और बॉबी ने अपने पिता के कदमों पर चलते हुए फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा और आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। वहीं, विजेता और अजीता ने फिल्मी दुनिया से दूरी बनाए रखी है और मीडिया की चकाचौंध से दूर एक निजी जीवन जीती हैं। सोशल मीडिया पर भी दोनों की बहुत कम तस्वीरें देखने को मिलती हैं।

हेमा मालिनी से शादी

1980 में धर्मेंद्र ने अपनी पहली पत्नी प्रकाश कौर के बाद हेमा मालिनी से शादी की। उस समय यह शादी खूब सुर्खियों में रही, क्योंकि धर्मेंद्र ने प्रकाश कौर को तलाक दिए बिना ही हेमा मालिनी से विवाह किया था, जिससे काफी विवाद खड़ा हो गया था। इस शादी से धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की दो बेटियां हुईं — ईशा देओल और अहाना देओल। ईशा ने अपने माता-पिता की तरह बॉलीवुड में कदम रखा, जबकि अहाना शादी के बाद विदेश में बस गईं। हाल ही में ईशा अपने पति भरत तख्तानी से तलाक की खबरों को लेकर चर्चा में रही थीं।

धर्मेंद्र के बच्चे और नाती-पोते

धर्मेंद्र के परिवार में उनके बच्चे, बहुएं, दामाद और नाती-पोते सभी अपनी-अपनी जिंदगी में स्थापित हैं। धर्मेंद्र के बड़े बेटे सनी देओल ने 1984 में पूजा देओल से शादी की थी। इस जोड़े के दो बेटे हैं — करण देओल और राजवीर देओल, जो दोनों ही फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। धर्मेंद्र के छोटे बेटे बॉबी देओल ने 1996 में तान्या देओल से विवाह किया। उनके दो बेटे हैं - आर्यमन देओल और धरम देओल।

बेटियां और उनके बच्चे

प्रकाश कौर से धर्मेंद्र की दो बेटियां भी हैं - अजीता और विजेता। अजीता ने किरण चौधरी से शादी की है, और उनकी दो बेटियां हैं - निकिता और प्रियंका चौधरी। विजेता ने विवेक गिल से विवाह किया है, जिनसे उन्हें एक बेटी प्रेरणा गिल और एक बेटा साहिल गिल है।

ईशा और अहाना के बच्चे

वहीं, हेमा मालिनी से धर्मेंद्र की दो बेटियां हैं- ईशा और अहाना देओल। ईशा ने कारोबारी भरत तख्तानी से शादी की थी, लेकिन 2024 में दोनों अलग हो गए। ईशा की दो बेटियां हैं- राध्या और मिराया। अहाना ने 2014 में बिजनेसमैन वैभव वोहरा से शादी की थी, और उनके तीन बच्चे, एक बेटा और दो बेटियां हैं।

ये भी पढ़ेंः जरीन खान की प्रेयर मीट में लड़खड़ाकर गिरे जितेंद्र, गार्ड ने दौड़कर थामा हाथ, वीडियो ने बढ़ाई फैंस की चिंता

Delhi Red Fort Blast: दिल्ली ब्लास्ट से दहला फिल्मी सितारों का दिल, रवीना से थलापति विजय तक ने जाहिर की चिंता

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन