1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 6 बच्चे और 13 नाती-पोते, धर्मेंद्र के खुशहाल परिवार में स्टार्स की फौज, कोई किसी से नहीं कम

6 बच्चे और 13 नाती-पोते, धर्मेंद्र के खुशहाल परिवार में स्टार्स की फौज, कोई किसी से नहीं कम

 Written By: Priya Shukla
 Published : Nov 24, 2025 02:17 pm IST,  Updated : Nov 24, 2025 02:17 pm IST

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी के कारण भी हमेशा चर्चा में रहे हैं। 89 वर्षीय धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे, लेकिन अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। आईये जानते हैं उनके परिवार में कौन-कौन है और क्या करता है।

dharamendra- India TV Hindi
धर्मेंद्र Image Source : INSTAGRAM/@AAPKADHARAM

दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन से उनके फैंस और पूरा सिनेमा जगत सदमे में हैं। हाल ही में अगस्त्य नंदा स्टार फिल्म 'इक्कीस' का नया पोस्टर जारी किया गया, जिसमें धर्मेंद्र की झलक देखने के बाद उनके फैंस खुश हो गए, लेकिन दूसरे ही पल उनके निधन की खबर आई, जिसने सबको चौंका दिया। धर्मेंद्र ने हिंदी सिनेमा में 65 साल से ज्यादा राज किया और आज इस दुनिया को छोड़कर चले गए। इस मौके पर हम आपको उनके पूरे परिवार के बारे में बताते हैं। धर्मेंद्र ने दो शादियां की थीं, पहली पत्नी प्रकाश कौर और दूसरी पत्नी बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी। हेमा मालिनी से उनकी शादी उस समय काफी विवादों में भी रही। लेकिन क्या आप जानते हैं कि धर्मेंद्र का परिवार कितना बड़ा है और उनके परिवार के लोग क्या करते हैं?

प्रकाश कौर से शादी

धर्मेंद्र के परिवार के अधिकतर सदस्य किसी न किसी रूप में बॉलीवुड से जुड़े रहे हैं। साल 1954 में उन्होंने प्रकाश कौर से शादी की थी। उस समय धर्मेंद्र मात्र 19 वर्ष के थे। इस शादी से उन्हें चार बच्चे हुए — अजय सिंह देओल (सनी देओल), विजय सिंह देओल (बॉबी देओल), विजेता देओल और अजीता देओल। सनी और बॉबी ने अपने पिता के कदमों पर चलते हुए फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा और आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। वहीं, विजेता और अजीता ने फिल्मी दुनिया से दूरी बनाए रखी है और मीडिया की चकाचौंध से दूर एक निजी जीवन जीती हैं। सोशल मीडिया पर भी दोनों की बहुत कम तस्वीरें देखने को मिलती हैं।

हेमा मालिनी से शादी

1980 में धर्मेंद्र ने अपनी पहली पत्नी प्रकाश कौर के बाद हेमा मालिनी से विवाह किया। उस समय यह शादी काफी चर्चा में रही, क्योंकि धर्मेंद्र ने प्रकाश कौर को तलाक दिए बिना ही हेमा मालिनी से शादी की थी, जिससे विवाद भी खड़ा हुआ। इस रिश्ते से धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की दो बेटियां हुईं- ईशा देओल और अहाना देओल। ईशा ने अपने माता-पिता की तरह फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा, जबकि अहाना शादी के बाद विदेश में बस गईं। हाल ही में ईशा देओल अपने पति भरत तख्तानी से तलाक की खबरों को लेकर सुर्खियों में रही थीं।

धर्मेंद्र के बच्चे और नाती-पोते

धर्मेंद्र के परिवार में उनके बच्चे, बहुएं, दामाद और नाती–पोते सभी अपनी-अपनी जिंदगी में अच्छी तरह स्थापित हैं। उनके बड़े बेटे सनी देओल ने 1984 में पूजा देओल से शादी की थी। इस दंपति के दो बेटे हैं- करण देओल और राजवीर देओल, जो दोनों ही फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। धर्मेंद्र के छोटे बेटे बॉबी देओल ने 1996 में तान्या देओल से विवाह किया। उनके दो बेटे हैं- आर्यमन देओल और धरम देओल।

बेटियां और उनके बच्चे

प्रकाश कौर और धर्मेंद्र की दो बेटियां हैं- अजीता और विजेता। अजीता की शादी किरण चौधरी से हुई है, और उनकी दो बेटियाँ हैं: निकिता चौधरी और प्रियंका चौधरी। विजेता ने विवेक गिल से विवाह किया है, और उनके दो बच्चे हैं—एक बेटी प्रेरणा गिल और एक बेटा साहिल गिल।

ईशा और अहाना के बच्चे

वहीं, हेमा मालिनी से धर्मेंद्र की दो बेटियां हैं- ईशा और अहाना देओल। ईशा ने कारोबारी भरत तख्तानी से शादी की थी, लेकिन 2024 में दोनों अलग हो गए। ईशा की दो बेटियां हैं- राध्या और मिराया। अहाना ने 2014 में बिजनेसमैन वैभव वोहरा से शादी की थी, और उनके तीन बच्चे, एक बेटा और दो बेटियां हैं।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन