रणवीर सिंह, सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल आर माधवन और संजय दत्त स्टारर 'धुरंधर: द रिवेंज' 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। पिछले दिनों ही 'धुरंधर 2' का ट्रेलर जारी किया गया, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। यही नहीं, दर्शकों के पास रिलीज से पहले भी ये फिल्म देखने का मौका है। मेकर्स ने फिल्म का पेड प्रीव्यू 18 मार्च को आयोजित किया गया है, जिसकी टिकटों की कीमतें भी आसमान छू रही हैं। हालांकि, अब ये फिल्म एक और वजह से चर्चा में आ गई है। 'धुरंधर 2' की आधिकारिक रिलीज से पहले ऐसी खबरें आने लगीं कि फिल्म में रणवीर सिंह के किरदार जसकीरत सिंह के चित्रण को लेकर सिख समुदाय ने आपत्ति जताई है। लेकिन, धुरंधर 2 की टीम का भी इस पर रिएक्शन आ चुका है, जिसके अनुसार फिल्म को सिख समुदाय की ओर से कोई लीगल नोटिस नहीं मिला है।
'धुरंधर 2' पर छिड़ा विवाद?
हाल ही में ऐसी चर्चा थी कि महाराष्ट्र के सामाजिक कार्यकर्ता विक्की थॉमस सिंह ने धुरंधर 2 में रणवीर सिंह के किरदार को लेकर आपत्ति जाहिर की है और सीबीएफसी को लीगल नोटिस भी भेजा है। विक्की थॉमस सिंह ने फिल्म के निर्माता-निर्देशक और अभिनेता रणवीर सिंह के खिलाफ केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को कानूनी नोटिस भेजा है, जिसमें दावा किया गया है कि फिल्म में कुछ ऐसे दृश्य हैं, जो सिख समुदाय की छवि को प्रभावित करते हैं। हालांकि, फिल्म की टीम ने इस तरह के दावों को गलत बताया है।
धुरंधर में रणवीर सिंह का रोल
फिल्म में रणवीर सिंह जसकीरत सिंह रंगी नाम के एक काल्पनिक जासूस की भूमिका में हैं, जो पाकिस्तान में दुश्मन के ठिकानों में घुसपैठ करने और भारत को खुफिया जानकारी देने के लिए हमजा अली मजारी बनकर ल्यारी क्षेत्र में एंट्री लेता है। फिल्म के पहले भाग में जसकीरत सिंह रंगी को एक कैदी के रूप में दिखाया गया था, जिसे प्रशिक्षण के बाद पाकिस्तान भेजा गया था। अब, फिल्म के दूसरे भाग में जसकीरत सिंह रंगी की जिंदगी से जुड़े कई रहस्य उजागर होने वाले हैं।
19 मार्च को रिलीज होगी फिल्म
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ये फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जिसे लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज है। 18 मार्च को फिल्म के पेड प्रीव्यू भी रखे गए हैं। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर माधवन और राकेश बेदी जैसे कलाकार नजर आएंगे।
ये भी पढ़ेंः 'उतरन' की मासूम इच्छा का हुआ ट्रांसफॉर्मेशन, उम्र का पड़ाव पार करते ही इतनी बदली, देखकर जोगी ठाकुर भी खा जाएं धोखा